सिद्धान्त सिंह
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा है। दरअसल प्रधानमंत्री इन दिनों लखनऊ में होने वाली डीजीपी कॉन्फ्रेंस में देश की कानून व्यवस्था सम्भालने वाले आला अधिकारियों से चर्चा करेंगे।
पत्र में प्रियंका गांधी ने लखीमपुर कांड का ज़िक्र करते हुए लिखा है कि किसानों को गाड़ी से कुचलने का मुख्य आरोपी आप के गृह राज्य मंत्री का बेटा है। प्रदेश की योगी सरकार ने शुरू से ही मामले को दबाने का प्रयास किया गया। न्याय की आवाज़ को दबाया गया। प्रदेश सरकार आरोपी को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार न्याय चाहता है। अजय मिश्र के गृह राज्यमंत्री के पद पर बने रहते न्याय की आशा नहीं की जा सकती हैं। योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसके साथ मंच साझा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप ने कृषि कानून वापस लेकर अभूतपूर्व काम किया है। आप देश के प्रधानमंत्री है। देश के प्रति आप की जिम्मेदारी के साथ प्रत्येक नागरिक को न्याय दिलाना आपकी नैतिक जिम्मेदारी है। लेकिन, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री, अजय मिश्रा टेनी अभी भी आपके मंत्रिमंडल में अपने पद पर बने हुए हैं। यदि आप इस कॉन्फ्रेंस में आरोपी के पिता के साथ मंच साझा करते हैं तो पीड़ित परिवारों को स्पष्ट संदेश जाएगा कि आप अभी भी क़ातिलों का संरक्षण करने वालों के साथ खड़े हैं। यह किसान सत्याग्रह में शहीद 700 से अधिक किसानों का घोर अपमान होगा।
अगर देश के किसानों के प्रति आपकी नियत सचमुच साफ है तो आज अपने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के साथ मंच पर विराजमान मत होइए, उनको बर्खास्त कीजिए। देश भर में किसानों पर हुए मुक़दमों को वापस लीजिए और सभी शहीद किसानों के परिवारों को आर्थिक अनुदान दीजिए।