हरदोई पुलिस ने चार ऐसे शातिरों को पकड़ा है जो रुपये को दोगुना कर लोगो को ठगते थे।ऐसे ही एक मामले में 13 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस को इनकी तलाश थी ।शातिर ठगों की गिरफ्तारी के बाद इनके पास से दो लाख चार हजार छ सौ रुपये नगद, एक सोने की चैन, अंगूठी,नोट के आकार की 5 गड्डी व एक स्विफ्ट डिजायर गाड़ी,व दो फर्जी नम्बर प्लेट आदि बरामद की गई है।एसपी ने खुलासा करने वाली टीम को इनाम देने की बात कही है।
हरदोई की बघौली पुलिस की अभिरक्षा में खड़े ये चार युवक शातिर है।पुलिस के मुताबिक यह सभी बहुत बड़े ठग है जो लोगो को रुपये दुगना करने का पहले तो लालच देते थे फिर जब एक लंबी धनराशि हाथ लगती थी तो रुपये लेकर फरार हो जाते थे।ऐसा ही एक मामला सण्डीला कोतवाली इलाके के मोहम्मदपुर निवासी प्रदीप गुप्ता पुत्र राजाराम के साथ घटा जब शातिरों ने उसको इसी तरह झांसे में लेकर उससे 13 लाख रुपये ठग लिए थे।इस मामले की एफआईआर बघौली थाने में एएसपी के आदेश के बाद दर्ज की गई थी।
16 अप्रैल को दर्ज हुई इस रिपोर्ट के बाद मामले के खुलासे के लिए एसपी ने निर्देश और एएसपी ज्ञानंजय सिंह सीओ बघौली अखिलेश राजन के निकट पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष बघौली इरशाद अली को लगाया गया था।एसपी विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि एसओ ने मुखबिर की सूचना पर बघौली थाना क्षेत्र के डबल नहर पुल के पास से एक स्वीफ्ट डिजायर कार से चार लोगों को पकड़ा जो शातिर ठग निकले।इनके पास से दो लाख से अधिक की नगदी व सोने के जेवर आदि बरामद किए गए।एसपी के मुताबिक पूछताछ के दौरान चारों ने ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।एसपी ने बताया कि गिरफ्तार राशिद व दिलशाद भटियारा बांगरमऊ उन्नाव के है जबकि मोबीन भालुवाही बदलापुर जौनपुर और नीरज मिश्र मोहम्मदपुर सण्डीला का निवासी है।सभी को जेल भेजा गया है।राशिद व मोबीन का आपराधिक इतिहास भी है।