सड़क हादसे में दो की मौत, अनहोनी की आशंका

हरदोई- सांडी मार्ग पर मेंड़ू गांव के समीप एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे दो साथियों की मौत हो गई। इस पर परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है। हालांकि इस बाबत कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

सांडी थाना क्षेत्र के जजवासी निवासी सत्रुघन सिंह उर्फ गुड्डू (52) पुत्र राजकुमार सिंह शुक्रवार को अपनी बाइक पर गांव के ही अपने साथी राजीव सिंह (32) पुत्र जगदीश सिंह के साथ शहर आया। बताया गया कि दोनो बीजेपी के कार्यकर्ता थे व शनिवार को बाइक रैली में शामिल होने को लेकर भाजपा कार्यालय पर चर्चा में शामिल हुए। कार्यालय से देर शाम दोनो घर के लिए रवाना हो गए। कुछ समय बाद शहर कोतवाली के मेंड़ू गांव के समीप प्राइमरी विद्यालय के पास लोगों ने उनको घायल पड़ा पाया। इसकी जानकारी एंबुलेंस व पुलिस को दी। इलाकाई लोगों की माने तो दोनों सड़क हादसे का शिकार हुए। आनन-फानन दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर उनको मृत घोषित कर दिया गया। इसी बीच सूचना मिलने पर परिजन भी पहुंच गए। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे गुड्डू के भाई राणाप्रताप सिंह ने बताया कि दोनों मृतक खेती-बाड़ी का काम करते थे। गुड्डू के परिवार में एक पुत्र प्रियांशू व पत्नी सरला हैं। इसके साथ ही राजीव का एक वर्षीय पुत्र व पत्नी आस्ती है। यह भी बताया गया कि राजीव के पिता जगदीश एक हत्या के मामले में जेल में है। हो सकता है कि इसी रंजिश में गांव के ही किसी व्यक्ति का इस हादसे में हाथ हो। पुलिस के अनुसार ऐसी कोई तहरीर नहीं मिली है। शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनो के सुपुर्द कर दिया गया है।