प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी के 38 वें स्थापना दिवस पर आज वीडियो कान्फ्रेंसिंग से पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। श्री मोदी ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो पूरी तरह से लोकतांत्रिक नियमों पर चलती है। इसमें कोई वंशवाद या जातिवाद नहीं है। पार्टी, देश में विकास की नयी आशा लेकर आयी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि भाजपा सभी भारतीयों की पार्टी होने के साथ ही राष्ट्रीय एकता का एक बड़ा मंच भी है। श्री प्रसाद ने कहा कि भाजपा एक ऐसा मंच हैं, जहां सभी भारतीय एक स्वर और एक नारे के साथ भारत को एक वैश्विक ताकत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इससे पहले, अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा नए भारत की पार्टी है जिसे समाज के सभी वर्गों और सभी उम्र के लोगों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि पार्टी देश की विविधतापूर्ण अनूठी संस्कृति और इससे भी बढ़कर सवा सौ करोड़ भारतीयों की ताकत पर भरोस करती है। श्री मोदी ने भाजपा पर अडिग विश्वास रखने के लिए लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा के लिए पार्टी कार्यकर्ता ही सब कुछ हैं। वे पार्टी की आत्मा हैं। उनके परिश्रम ने पार्टी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।
भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि पार्टी की यात्रा कठिन रही है और बलिदानों से भरी हुई है। आज मुम्बई में भारतीय जनता पार्टी के 38वें स्थापना दिवस के अवसर पर महा-भाजपा-महा मलेवा रैली के बाद संवाददाता सम्मेलन में श्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा एक लोकतांत्रिक पार्टी है और अपनी विचारधारा पर चलती है। इससे पहले रैली में श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार न तो आरक्षण नीति रद्द करेगी और न ही किसी दूसरे को ऐसा करने देगी। भारतीय जनता पार्टी कभी रिजर्वेशन को हटाने वाली नहीं है, इतना नहीं आप हटाना चाहोगे तो आपको भारतीय जनता पार्टी हटाने भी नहीं देगी, ये कमिटमेंट भारतीय जनता पार्टी का है।