हिन्दीपत्रकारिता-दिवस की पूर्व-सन्ध्या मे (‘सन्ध्या पर’ अशुद्ध है।) ‘सर्जनपीठ’ का सारस्वत आयोजन २९ मई को

● आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय

भारत मे प्रत्येक वर्ष ३० मई को ‘हिन्दीपत्रकारिता-दिवस (तिथि)’ का आयोजन किया जाता है। सच तो यह है कि आजके अधिकतर मीडियकर्मी न तो ‘हिन्दीपत्रकारिता-दिवस’ की अवधारणा और संदर्भ से अवगत हैं और न ही उस पत्रकारीय महत्त्व से। आज मै उस सत्य का उद्घाटन करनेवाला हूँ, जिसे जान-समझकर पाठकवृन्द लाभान्वित होंगे।

देश के प्रथम हिन्दी-समाचारपत्र का नाम ‘उदन्त मार्त्तण्ड’ (‘मार्तण्ड’ अशुद्ध है।) है, जिसका प्रकाशन ३० मई, १८२६ ईसवी (‘ईस्वी’ अशुद्ध है।) को ‘कलकत्ता के कोलू टोला (मोहल्ला) की २७ नम्बर आमड़तल्ला गली’ से ‘पाक्षिक हिन्दी-समाचारपत्र’ के रूप मे किया गया था, जिसके प्रकाशक और सम्पादक कानपुर-निवासी ‘युगल/जुगल/जुगुलकिशोर शुक्ल/सुकुल ने किया था। यही कारण है कि देश मे ३० मई को ‘हिन्दीपत्रकारिता-दिवस (तिथि) का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है।

इस ‘उदन्त मार्त्तण्ड’ नाम मे भी गहरा अर्थ छिपा हुआ है, जिसे समझने की आवश्यकता है। यहाँ दो शब्द हैं :– पहला ‘उदन्त’ और दूसरा ‘मार्त्तण्ड’; पहले का अर्थ है, ‘दन्तरहित’ और दूसरे का ‘सूर्य’। यहाँ दन्तरहित का प्रतीकात्मक प्रयोग है, ‘बाल (बालक)’; क्योंकि नवजात बच्चे के ‘दाँत’ नहीं होते। गुणी प्रकाशक और सम्पादक सम्मान्य शुक्ल जी ने अपने ‘उदन्त मार्त्तण्ड’ को सद्य: प्रभामान नवजात के रूप मे मान-जानकर ३० मई, १८२६ ईसवी को सार्वजनिक किया था।

हमारी संस्था ‘सर्जनपीठ’ के तत्त्वावधान (‘तत्वाधान’, ‘तत्त्वाधान’ तथा ‘तत्वावधान’ अशुद्ध हैं।) मे उसी सम्पादक के ‘कान्तिमान्/भास्वर नवजात’ की जन्मतिथि की पूर्व-सन्ध्या (२९ मई) मे (यहाँ ‘पर’ अशुद्ध है।) विशेषीकृत विषय ‘इलाहाबाद की हिन्दी-पत्रकारिता : कल-आज और कल’ पर बौद्धिक परिसंवाद का आयोजन अपराह्न पाँच बजे से ‘सारस्वत सभागार’, लूकरगंज, प्रयागराज (अग्रसेन इण्टर कॉलेज के समीप) मे किया जायेगा। यह आयोजन वरिष्ठ पत्रकार-विचारक श्री रमाशंकर श्रीवास्तव की अध्यक्षता मे होगा। वरिष्ठ पत्रकार श्री गोपाल रंजन (दिल्ली) मुख्य अतिथि होंगे और आकाशवाणी-दूरदर्शन-प्रभारी डॉ० लोकेश शुक्ल विशिष्ट अतिथि।

इस आयोजन मे वक्ता/वक्त्री के रूप मे समाचारपत्र, रेडियो तथा टी० ह्वी० के विशेषज्ञों और समीक्षकों की सहभागिता रहेगी, जिनमे डॉ० धारवेन्द्र त्रिपाठी (शिक्षक), शिव पाण्डेय (वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार) उर्वशी उपाध्याय (वरिष्ठ पत्रकार-साहित्यकार), डॉ० शीलप्रिय त्रिपाठी (अर्थशास्त्री), डॉ० प्रदीप चित्रांशी (वरिष्ठ साहित्यकार-कवि), आनन्दसागर ओझा (वरिष्ठ पत्रकार), अमरनाथ झा (वरिष्ठ पत्रकार), तौक़ीर ख़ान (वरिष्ठ रेडियो-पत्रकार), रणविजय निषाद (शिक्षक-हिन्दीसेवी), ईश्वरशरण शुक्ल (वरिष्ठ पत्रकार), नाज़िया नफ़ीस (वरिष्ठ समाजसेविका-अधिवक्त्री) तथा आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय (भाषासाहित्य-अध्येता) सम्मिलित रहेंगे।