● निर्माणाधीन सड़क में आए दिन राहगीरों को जाम के झाम से होना पड़ता है दो चार ।
कौशांबी। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की महत्वाकांक्षी नगरीय सड़क योजना के तहत गृह जनपद कौशांबी के नगर पंचायत अजुहा शाखा रोड में कई महीनों से पीडब्ल्यूडी द्वारा आरसीसी सड़क का निर्माण करवाया जा रहा था। जो दीपावली के दरमियान से सड़क का निर्माण अधूरा बंद पड़ा है। सड़क के दोनों तरफ बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण आने जाने वाले राहगीरों, गाड़ी चालकों, बाइक सवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जिससे आए दिन दुर्घटना होती रहती हैं। ठेकेदार की मनमानी से ना जाने कितनी सड़क दुर्घटनाएं होती रहेंगी ना जाने कितने लोगों को ठेकेदार मौत के दलदल में ढकेलेगा।
कस्बे के नागरिक सुरेश, पप्पू, हीरा,मनोज, राजेश सहित दर्जनों लोगों ने बताया की ऐसी ही एक सड़क दुर्घटना दिनांक 6 दिसंबर को दोपहर 2:00 बजे धान लदा लोडर जाम से बचने के लिए गाड़ी पीछे बैक करते समय सड़क किनारे खड़े आनंद कुमार नाम के बालक को चालक ने रौंद दिया था। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। ऐसी ही सड़क दुर्घटनाएं दर्जनों हो चुकी हैं। लेकिन पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार, जिम्मेदार अधिकारी के कानों में जूं नहीं रेंग रही है।
सड़क पुनर्निर्माण की शिकायत कई बार कस्बे के नागरिकों ने सिराथू विधायक शीतला प्रसाद पटेल तथा कौशांबी के सांसद विनोद सोनकर सहित जिले के जिम्मेदार अधिकारियों से अधूरे सड़क निर्माण को अविलंब पूरा कराने के लिए पैरवी चुके है।
लेकिन पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा संबंधित ठेकेदार के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही है। जिससे कोई न कोई सड़क दुर्घटना शाखा मार्ग पर आए दिन होती रहती है।
सड़क निर्माण में काफी अनियमितता भी की गई। निर्माणाधीन सड़क का निर्माण घटिया सामग्री से होने के कारण जगह जगह गिट्टी उखाड़ना शुरू हो गई हैं। घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग कर जिम्मेदार अपनी जेब को भरने में लगे हुए हैं। सरकारी धन का बंदरबांट लगातार किया जा रहा है। जिसकी कई बार शिकायत भाजपा के सांसद, विधायक सहित संबंधित अधिकारियों से की गई। लेकिन ठेकेदार से सांठगांठ होने के कारण जिम्मेदार अधिकारी सड़क का निर्माण कराने का जोखिम नहीं उठा रहे हैं। अधूरे सड़क निर्माण को पूरा न करने से नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है।
कौशांबी से ब्यूरो रिपोर्ट