आज के प्रमुख समाचार–

■ लेखक और प्रस्तोता– आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय

● पाकिस्तान की संसद् मे इमरान ख़ान के विरुद्ध प्रस्तुत किया गया अविश्वास-प्रस्ताव ३४१-८१ से पारित कर दिया गया है। अब इमरान ख़ान दो दिनो के भीतर इस्तीफ़ा दे देंगे।
● किन्नरों ने अपने लिए पृथक् राज्य की माग की है, जिसका नाम ‘किन्नर-प्रान्त’ होगा। उन्होंने मुख्यमन्त्री की जगह पर ‘प्रान्तपति’ रखने की घोषणा की है। सभी ने सर्वसम्मति से हिमाचलप्रदेश के किन्नौर मे रहनेवाले किन्नर-समाज के प्रमुख ‘वृहन्नला’ को अपना ‘प्रान्तपति’ बनाने की घोषणा की है।
● राष्ट्रपति ने निलम्बित-विलम्बित ‘पूर्वांचल’ को राज्य बनाने के प्रस्ताव की स्वीकृति कर (यहाँ ‘दे’ अशुद्ध है।) दी है और उसपर अपने हस्ताक्षर भी कर दिये हैं।
● पंजाब के मुख्यमन्त्री ने स्नातक और स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त समस्त विद्यार्थियों को प्रतिमाह १० हज़ार रुपये बेरोज़गारी-भत्ता देने का निर्णय किया है।
● ई० डी० और सी० बी० आइ० का नाम बदलने का निर्णय किया गया है। अब ई० डी० और सी० बी० आइ० का प्रत्येक अधिकारी ‘भगवा’ रंग की वर्दी पहनेगा, जिसे सभी ने बिना किसी विरोध के स्वीकार कर लिया है। अब उनका कोई भी सत्ताधारी दल दुरुपयोग नहीं कर सकेगा।
● उद्योगपति गौतम अडानी और अनिल अम्बानी ने संयुक्त रूप से एक ऐसा उपक्रम तैयार किया है, जिसके अन्तर्गत ‘भारतीय रिज़र्व बैंक’ के समानान्तर बैंक खोला जायेगा।
● स्विटज़रलैण्ड ने पाकिस्तानी आतंकवादियों से लड़ने के लिए देश के प्रमुखतम राज्य उत्तरप्रदेश को आत्मघाती ‘भगवा ब्रिगेड’ (महिला-पुरुष) गठन करने और उसे गोला-बारूद से लैस कराने के लिए २७ युद्धक विमान, ६३ द्रोन, १२ बख़्तरबन्द गाड़ी, १६ हेलीकॉप्टर देने की घोषणा की है। यह भी सूचना मिली है कि महिला भगवा ब्रिगेड का कमान अवसरवादी लोकगीतगायिका ‘मालिनी अवस्थी’ और पुरुष भगवा ब्रिगेड का कमान ‘सी’ ग्रेड के भोजपुरी-गायक मनोज तिवारी को सौंपा जायेगा।
● संयुक्त राज्य अमेरिका ने रूस का साथ देने के कारण तत्काल प्रभाव से भारत से सभी राजनैतिक और आर्थिक सम्बन्ध समाप्त करने की घोषणा की है। भारत ने संयुक्त राज्य अमेरिका-स्थित भारतीय दूतावास से अपने सभी राजनयिकों को वापस बुलाने का निर्णय किया (यहाँ ‘लिया’ अशुद्ध है।)
● अब सरकार-स्तर पर यह निर्णय किया गया है कि ‘होली’ के अवसर पर कोई भी व्यक्ति किसी भी स्तर का हँसी-मज़ाक़ कर सकता है, जिसका कोई भी बुरा नहीं मानेगा।
(सर्वाधिकार सुरक्षित– आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; १८ मार्च, २०२२ ईसवी।)