साइंस टैलेंट सर्च परीक्षा 27 व 30 नवम्बर को होगी ऑनलाइन माध्यम से आयोजित – प्रदीप नारायण मिश्र

स्टेट कोऑर्डिनेटर विद्यार्थी विज्ञान मंथन, प्रदीप नारायण मिश्र ने बताया है कि विज्ञान भारती, एनसीईआरटी और विज्ञान प्रसार द्वारा आयोजित साइंस टैलेंट सर्च परीक्षा विद्यार्थी विज्ञान मंथन (वीवीएम 2022-2023) हेतु पंजीकरण 15 जुलाई से प्रारम्भ है। पंजीयन की अंतिम तिथि 30 सितम्बर है। विद्यार्थी विज्ञान मंथन में कक्षा 6 से लेकर 11 तक के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं।

इस परीक्षा में प्रश्नपत्र दो खण्डों में होगा। खण्ड ‘अ’ में भारतीय विज्ञानियों के विज्ञान के प्रति योगदान, सर सी० वी० रमन के जीवन परिचय, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और विज्ञान से संबंधित 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। खंड ‘ब’ में विज्ञान एवं गणित के कक्षा के एनसीईआरटी पाठ्यक्रम से 50 प्रश्न एवं, तार्किक शक्ति (लॉजिक एंड रीजनिंग) से 10 प्रश्न पूछे जायेंगे।

परीक्षा 27 व 30 नवंबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा ऑनलाइन माध्यम से ही आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के प्रथम चरण (स्कूल लेवल) में सफल विद्यार्थी राज्यस्तरीय परीक्षा में सम्मिलित हो सकेंगे और राज्यस्तरीय परीक्षा में चयनित छात्र राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सम्मिलित किए जाएंगे। इस प्रकार विद्यार्थी विज्ञान मंथन परीक्षा कुल तीन स्टेज में आयोजित की जाती है। प्रत्येक बच्चे को प्रतिभागिता प्रमाणपत्र मिलेगा। इसके अतिरिक्त स्कूल लेवल (जिन कक्षाओं में 10 या अधिक बच्चे होंगे) व जिला लेवल पर प्रत्येक कक्षा से प्रथम तीन स्थान पाने वाले बच्चों को मेरिट प्रमाणपत्र भी मिलेगा। इसी प्रकार राज्य व जोनल व राष्ट्रीय स्तर पर चयनित बच्चों को प्रमाणपत्र व पुरस्कार स्वरूप निश्चित धनराशि मिलेगी। राष्ट्रीय स्तर पर प्रत्येक कक्षा से प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले बच्चों को भास्करा छात्रवृत्ति भी मिलेगी। परीक्षा शुल्क ₹ 200 है। बच्चे इस परीक्षा हेतु रजिस्ट्रेशन अपने स्कूल के माध्यम से या व्यक्तिगत रूप से भी कर सकते हैं।

अधिक जानकारी के लिए वेबसाइट http://vvm-org.in पर जाएं।