प्रदेश के लखीमपुर खीरी में आतंकी हाफिज सईद के पाकिस्तानी कोर्ट से रिहा करने के फैसले पर जश्न का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि हरदोई में एक युवक ने देश के खिलाफ काफी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इस प्रकरण के तूल देने पर युवक के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया है। हरदोई में भारत के खिलाफ अभद्र भाषा के साथ गाली देकर पाकिस्तान की तारीफ का वीडियो वायरल करने के आरोपी के खिलाफ पुलिस ने देशद्रोह का मामला दर्ज किया है।भारत के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करते हुए वीडियो वायरल होने के मामले में कासिमपुर थाना क्षेत्र में खलबली मच गई। कल देर शाम वायरल वीडियो में बेंहदर निवासी शाहरुख पुत्र जाकिर को पाकिस्तान की तारीफ करते हुए भारत के लोगों को बेहद भद्दी गालियां देते दिखाया गया है। वीडियो में भारतीयों पर हमला और उन्हें सबक सिखाने जैसी बातें कहने से क्षेत्र के हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया।पुलिस ने मामले में कार्यवाही करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया और उसके विरुद्ध देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर लिया है।कासिमपुर पुलिस ने शाहरुख को राष्ट्रद्रोह के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बता दें कि आरोपी का रविवार को राष्ट्र विरोधी एक वीडियो वायरल हुआ था। 3साल पहले आरोपी के चाचा रफीक को एसटीएफ ने नकली नोटों के साथ पकड़ा था।वायरल वीडियो में आरोपी देश को उड़ाने की बात कह रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस-प्रशासन ने सक्रियता दिखाई जिससे तनाव का माहौल बनने से बचा।