मतगणना कार्मिकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण प्रारम्भ

 01 दिसम्बर 2017 को होने वाली नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2017 की मतगणना में लगे कार्मिकों के दो दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन रसखान प्रेक्षागृह में मुख्य विकास अधिकारी/प्रभारी अधिकारी कार्मिक एवं प्रशिक्षण आनन्द कुमार की अध्यक्षता में किया गया।
इस अवसर पर उन्होने मतगणना कर्मचारियों से कहा कि जिस तरीके से सभी लोगों ने जनपद में निष्पक्ष मतदान संपन्न कराया है उसी तरह मतगणना का कार्य भी पूरी निष्पक्षता एवं ईमानदारी से करें। उन्होने कहा कि मतगणना करते समय बैलेट पेपरांे को उपस्थित एजेण्टों/प्रत्याशियों को भी दिखाते रहे ताकि किसी प्रकार के भ्रम की शंका न बनी रहे।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सभी मतगणना कार्मिक अपने मतगणना स्थलों पर प्रातः 06 बजे पहुंचकर वहां अपनी टेबिल की जानकारी लेने के बाद अपने निश्चित स्थान पर बैठेंगे और इस दौरान किसी भी प्रत्याशी/एजेण्ट के अलावा अन्य किसी बाहरी व्यक्ति को मतगणना टेबिल के पास नही आने दिया जायेगा।
प्रशिक्षण को संबोधित करते हुये अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी डा0विपिन कुमार मिश्र ने कार्मिकों से कहा कि बैलेट पेपर पर किसी तरह का चिन्ह लगा होने, हस्ताक्षर या अंगूठा लगे होने पर या कटे-फटे होने की दशा में उन्हे आर0ओ0 को दिखाने के बाद ही निरस्त करें। उन्होने बताया कि कार्मिकों की सुविधा के लिये जिस नगर निकाय में जितने वार्ड हैं उतनी टेबिलों की व्यवस्था की गई है ताकि मतगणना कम समय में कराई जा सके।
प्रशिक्षण में जिला विकास अधिकारी राजितराम मिश्र ने मतगणना करने की समस्त जानकारी मतगणना कार्मिकों को दी तथा कहा कि किसी भी दशा में विचलित होने की आवश्यकता नही है और किसी एजेण्ट या प्रत्याशी द्वारा किसी प्रकार की दुविधा दर्शाइ जाती है तो उसका निराकरण आर0ओ0 से करायें।
आज प्रथम पाली 10 बजे से 01 बजे तक क्रम संख्या 01 से 402 तक के कार्मिकों को तथा द्वितीय पाली 02 बजे से 05 बजे तक क्रम संख्या 403 से 804 तक के कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में जिला प्रशिक्षण अधिकारी डा0संजय कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मसीहुज्जमा सिद्धकी, डीडी कृषि डा0 आशुतोष शुक्ला, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, प्राचार्य डायट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।