समाजवादी पार्टी पूरे देश में सबसे अमीर क्षेत्रीय दल बन गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी सरकार के सत्ता से बदखल होने के बाद भी सपा सबसे मालदार है। एडीआर (एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म) ने अपनी रिपोर्ट में जो आंकड़े जारी किये हैं उसके मुताबिक समाजवादी पार्टी को साल 2016-17 में 82.76 करोड़ रुपये की कमाई हुई है।
देश के 32 क्षेत्रीय राजनीतिक दलों की कुल आय वित्त वर्ष 2016-17 में 321.03 करोड़ रुपये रही और इनमें समाजवादी पार्टी (सपा) 82.76 करोड़ रुपये के साथ सबसे ऊपर रही। सपा के बाद तेदेपा और अन्नाद्रमुक का नम्बर है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने मंगलवार अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी। कुल 48 क्षेत्रीय दलों में से 16 दलों की ऑडिट रिपोर्ट चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं है। एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक सपा और अन्नाद्रमुक ने आय से क्रमश: 64.34 करोड़ और 37.89 करोड़ रुपये अधिक खर्च किए। सपा का कुल खर्च इन 32 दलों के कुल खर्च (435.48 करोड़ रुपये) का 33.78 प्रतिशत रहा।