जिला खेल-कूद समिति के तत्वाधान में 15 मार्च से प्रारम्भ हुए डिस्ट्रिक लेवल क्रिकेट टूर्नामेण्ट का फाइनल मैच आज स्पोर्टस स्टेडियम में मुख्य अतिथि मा0 सांसद अंशुल वर्मा, मा0 सांसद मिश्रिख अंजूबाला एवं विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी पुलकित खरे की उपस्थित में सक्सेज क्रिकेट एकेडमी व एस0आर0बी0 पब्लिक इण्टर कालेज के बीच खेला गया। पहले खेलने उतरी एस0आर0बी0पब्लिक इण्टर कालेज टीम ने निर्धारित 25 ओवर में 176 रन बनायें।
एस0आर0बी0 टीम के 176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सक्सेज क्रिकेट टीम 24 ओवर में 163 रन ही बना सकी । इस तरह एस0आर0बी0पब्लिक इण्टर कालेज टीम ने फाइनल मैच 13 रन से जीत लिया। मा0 सांसदों एवं जिलाधिकारी ने दोनों टीमों से परिचय प्राप्त किया तथा विजयी टीम को बधाई दी । आज के टूर्नामेण्ट में मैन आफ द मैच अविचल सिंह को तथा मैन आफ द सीरीज का पुरस्कार पारस अस्थाना को मुख्य अतिथियों द्वारा प्रदान किया गया तथा विजेता टीम के कप्तान व उप विजेता टीम के कप्तान को मुख्य अतिथियों द्वारा ट्राफी प्रदान की गयी ।
इस अवसर पर मा0 सांसद अंशुल वर्मा व अंजूबाला ने कहा कि खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलना चाहिए और किसी भी खेल में खिलाड़ी को अपने को साबित करना चाहिए । जिलाधिकारी पुलकित खरे ने कहा कि जिला खेल-कूद समिति द्वारा लिये गये निर्णय के अनुसार इस क्रिकेट मैच को कराया गया है जिसमें पहली बार जनपद के बाहर की टीमों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि खेल-कूद समिति द्वारा अब हर माह स्टेडियम में विभिन्न खेलों की प्रतियोगितायें निःशुल्क करायी जायेगी । इस अवसर पर खेल-कूद समिति के सदस्य,पत्रकार बन्धु एवं खेल प्रेमी व खिलाड़ी आदि मौजूद रहे।