कछौना/गौसगंज (हरदोई) : थाना क्षेत्र कासिमपुर के अंतर्गत गौसगंज-नेवादा गांव में गुरुवार को विवाहिता ने अपने शराबी पति से तंग आकर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार सीमा देवी (32) पत्नी बेचेलाल निवासी ग्राम नेवादा गौसगंज थाना कासिमपुर ने गुरुवार की सुबह अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पति बेचेलाल शराब का आदी था। वह शराब के नशे में आए दिन पत्नी को मारता पीटता था। नशे में वह पत्नी से पैसे भी मांगता था। शराब के नशे में धुत होकर इस तरह की आए दिन घटना की जाती थी। शराबी पति द्वारा रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने आखिरकार अपने घर में आत्महत्या कर ली। मृतका के तीन बच्चे हैं। पिता शराबी होने के कारण छोटे-छोटे बच्चों के सिर से मां का साया छिन गया है।
मायके पक्ष की तहरीर पर पति के खिलाफ धारा 498ए, 306 आईपीसी में मामला दर्ज किया गया है। कासिमपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर, पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।
बताते चलें कच्ची शराब के कारोबार ने ग्रामीण क्षेत्र में उद्योग धंधे का रूप ले लिया है। प्रशासन के लाख प्रयास के बाद भी अवैध कच्ची शराब के कारोबार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। जिसके चलते हरे-भरे परिवार उजड़ जाते हैं व इस नशे के कारण बच्चों के सिर से कहीं माता व कहीं पिता का साया उठ जाता है। इस नशे की गिरफ्त में अधिकतर युवा पीढ़ी आ चुकी है। नशे के कारण युवा अपना सामाजिक व आर्थिक नुकसान पूरी तरह से कर रहे हैं।
रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता