पूर्ति निरीक्षक ने दर्ज किए बयान

माधौगंज (हरदोई)- पूर्ति निरीक्षक ने गांव पहुँचकर कोटे की दुकान का निरीक्षण कर ग्रामीणों के बयान लिए। कोटेदार मौके पर नही मिला। दुकान भी बंद पाई गई। ग्रामीणों ने बताया कि कई-कई माह राशन व मिट्टी का तेल वितरित नही किया जाता है।
विकास खंड की ग्रामपंचायत सहिजना में सरकारी कोटे की दुकान का निरीक्षण पूर्ति निरीक्षक सुभ्रा मिश्रा ने कोटे की दुकान का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार द्वारा कई- कई माह राशन व मिट्टी का तेल वितरित नही किया जाता है। जिसके कारण सरकार से मिलने वाले लाभ से वह लोग वंचित हैं। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कोटेदार मौके पर ही मौजूद था जैसे ही उसे जांच की भनक लगी दुकान में ताला डालकर मौके से भाग गया। पूर्ति निरीक्षक ने ग्रामीणों के बयान दर्ज कर बरती जा रही अनियमितता पर कोटेदार के विरुद्ध रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजने का आश्वासन दिया। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि उन्होंने कोटे की दुकान का आकस्मिक निरीक्षण किया है। ग्रामीणों की ओर से कोई शिकायत नही थी। जांच में कोटे की दुकान बंद पाई गई व कोटेदार मौके पर मौजूद नही था। जो भी अनियमितताएं पाई गईं है रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी जाएगी।