पिहानी में गोली मारकर की शिक्षक की हत्या

पिहानी- कस्बे के पियाबाग इलाके में मंगलवार की दोपहर अज्ञात बदमाशों ने एक शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी।

मूल रूप से कन्नौज जिले के छिबरामऊ के रहने वाले सुशील कुमार पिहानी क्षेत्र के ग्राम निपानिया में स्थित जूनियर हाईस्कूल में विज्ञान विषय के शिक्षक थे। जो पिहानी कस्बे के मोहल्ला मिश्राना में राजकुमार मिश्रा के मकान में किराए पर अपनी पत्नी मानसी और एक बेटी नीतू के साथ रहते थे। मंगलवार दोपहर स्कूल से वापस आते समय पिहानी के पियाबाग इलाके से होकर आ रहे शिक्षक सुशील कुमार की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अमर सिंह रघुवंशी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। एडिशनल एसपी त्रिगुण बिसेन ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की सुध ली।

इधर घटनास्थल पर पहुंची मृतक शिक्षक की पत्नी मानसी और उनकी इकलौती बेटी नीतू का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंचे मृतक शिक्षक के अन्य साथी शिक्षकों ने घटना पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए बताया कि सुशील बेहद मिलनसार और सुलझे किस्म का व्यक्ति था, जिसकी अनजाने में भी किसी के साथ कोई कहासुनी नहीं होती थी। हालांकि सुशील जो स्वेटर पहने हुए थे, वो फटा हुआ था, इससे लोग अंदाजा लगा रहे हैं कि इनकी हत्या से पूर्व किसी बात को लेकर छीना-छपटी हुई, जिसमें सफल न हो पाने पर अज्ञात बदमाशों ने इन्हें गोली मार दी। चर्चा इस बात की है कि जहां का यह शिक्षक मूल निवासी है वहीं पर लेनदेन का कुछ विवाद चल रहा था जिसके कारण शिक्षक कुछ तनाव में भी था। अब सच क्या है, यह तो पुलिस-जांच के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा। बहरहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर भेज दिया है।