अतिक्रमण को लेकर ईओ पर पक्षपात का आरोप, व्यापारियों ने लगाई डीएम से गुहार

शिव कुमार शाहाबाद (हरदोई)-

 

नगर को अतिक्रमण विहीन बनाने की मुहीम पक्षपात के आरोपो से घिरती नजर आ रही है। प्रशासन की ओर से चलने वाले इस अभियान की ईमानदारी को लेकर व्यापारी वर्ग सवाल उठा रहे है। नगर में 15 अप्रैल से जारी अतिक्रमण अभियान का बुधवार को चैथा दिन था। रोजाना जारी इस अभियान में प्रशासनिक अधिकारियो की गम्भीरता के प्रति सवालिया निशान लग रहे है। इस अभियान के प्रभारी ईओ मनोज कुमार सिंह की मनमानी की कार्यशैली अब आम व्यापारियो को परेशान किये है।

देखा जाये तो पिछले चार दिनों से जारी इस अभियान में विभिन्न मार्गो पर ईओ ने अपनी इच्छा अनुरूप किसी के चबूतरे को तोडा, किसी को छोड़ा, किसी को चेतावनी दी। पास पास के बराबर नाप वाले दो चबूतरों में एक को तोड़ना और एक को छोड़ना आखिर कहाँ से इस अतिक्रमण अभियान की ईमानदारी दिखाती है। प्रशासन की टीम की मौजूदगी में इस प्रकार के पक्षपातपूर्ण कार्रवाही प्रशासन को भी कटघरे में खड़ा करती है। कुल मिलाकर भेदभावपूर्ण अभियान की क्रियाशीलता से नगरवासियो में आक्रोश व्याप्त है और कई व्यापारियो ने अभियान में भेदभाव बरतने का आरोप लगाकर डीएम सहित कई उच्चस्तरीय अधिकारियो से शिकायत भी की है। लोगो का मानना है कि अभियान की सफलता के लिये एक तरफ से समानता से अतिक्रमण को हटवाया जाये नहीं तो यह अभियान निरर्थक साबित होगा।

कई स्थानों पर फिर से हालात जस के तस
नगर के कई स्थानों पर ईओ द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाही के हालात फिर से जस के तस हो रहे है। सब्जी मंडी, फूठामठ मंदिर वाली गली में दुकानदारो ने फिर से रोड़ पर दुकानो का सामान लगाकर अतिक्रमण रूपी पैर पसार लिये है।ऐसे ही कई स्थानों पर प्रशासन की कार्रवाही को दुकानदारो ने केवल हवाहवाई साबित कर दिया है। जिससे अभियान के प्रति प्रशासनिक अंकुश के नियमो की खिल्ली उड़ती साफ प्रतीत हो रही है।