पिहानी में सांड ने मचाया उत्पात

पिहानी नगर में आवारा घूम रहा एक सांड ने अचानक बस स्टैंड, अम्बेडकर नगर आदि जगहों पर चार लोगों को सींग मारकर घायल कर दिया। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए हरदोई रेफर कर दिया। सांड के आतंक से लोगों में खौफ व्याप्त हो गया है।जानकारी के मुताबिक मोहल्ला मुरीदखानी के अम्बेडकर नगर निवासी मेवाराम की जूनियर हाईस्कूल के पास अपनी दुकान से बीते दिन शाम घर जा रहे थे। वहीं घर के पास घूम रहा सांड अचानक आक्रामक हो गया। जब तक वह कुछ समझते तब तक उसने हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे भगाया और मेवाराम को अस्पताल ले गए।

उसके बाद सांड ने बस स्टैंड के पास गुरूद्वारे के निकट बस से उतरकर घर जा रहे इटारा गांव निवासी प्रमोद कुमार पर हमला कर घायल कर दिया। उसने करावां निवासी अरविंद व भोगियापुर गांव निवासी अधेड़ वसीम केा हमला करके घायल कर दिया। बताया जाता है कि वसीम को सांड छोड़ ही नही रहता था। उस पर लगातार हमला कर रहा था। अगर एक ट्रक न आ जाता तो शायद उसकी जान ही ले लेता। ट्रक की टक्कर लगने से सांड दूर जा गिरा और तेजी से दूसरी तरफ निकल गया।