कछौना (हरदोई): पंचायती चुनाव को लेकर क्षेत्र में प्रशासन ने कच्ची शराब के व्यवसाय पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
कोतवाली क्षेत्र कछौना के ग्रामीण क्षेत्र में कच्ची शराब का व्यवसाय कुटीर उद्योग के रूप में अनवरत रूप से चल रहा है। जिसका सीधा प्रभाव लोगों के जीवन पर पड़ता है। चुनाव करीब आते ही प्रत्याशियों द्वारा मतदाताओं को लुभाने के लिए शराब परोसना एक परंपरा सी बन गई है। इस बुराई से मुक्ति नहीं मिल पा रही है। जिससे उम्मीदवार घटिया से घटिया शराब परोसने में संकोच नहीं करते हैं। शराब के कारण लड़ाई झगड़े की घटनाओं में काफी इजाफा हो जाता है। जिला प्रशासन के कड़े निर्देश के बाद कछौना पुलिस ने कई गांवों में दबिश डाली। जिसमें अवैध शराब निर्माण की भट्ठियां धधकती हुई मिलीं। पुलिस प्रशासन द्वारा भारी मात्रा में लहन को नष्ट किया गया। मौके से शिवराज, विपिन कुमार निवासी महिपाल खेड़ा, अजय निवासी बहदिन को कच्ची शराब व शराब बनाने के उपकरण भट्ठी सहित गिरफ्तार कर अपराध संख्या 60(2) आबकारी अधिनियम 353 आईपीसी एक्ट पंजीकृत कर जेल भेज दिया गया। इस अभियान में प्रभारी निरीक्षक हंसमती की टीम से उपनिरीक्षक ओम प्रकाश त्रिपाठी, राम नाथ वर्मा, देवेंद्र त्रिपाठी, संजय कुमार, अंकुर कुमार शामिल रहे।
ख़बर- पी.डी. गुप्ता