समीक्षा अधिकारी परीक्षा के प्रदेश टॉपर राघवेन्द्र प्रताप सिंह को लखनऊ पब्लिक स्कूल ने किया सम्मानित

अखिलेश सिंह :

लखनऊ पब्लिक स्कूल माधौगंज के प्रधानाचार्य के०के०शर्मा ने वर्ष 2007 में इसी स्कूल से इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज की समीक्षा अधिकारी 2016 परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान पाने वाले पूर्व छात्र राघवेन्द्र प्रताप सिंह को सफलता की मिठाई खिलाकर और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया । साथ ही लोअर पी सी एस 2019 में चयनित नगर पंचायत कुरसठ की होनहार प्रतिभा लवकुश वर्मा को भी सम्मानित किया गया ।

विद्यालय के प्रधानाचार्य के०के०शर्मा ने बताया कि राघवेंद्र अपने छात्र जीवन में सदैव होनहार छात्र रहे हैं और उनकी इस सफलता से समूचा विद्यालय परिवार गौरवान्वित महसूस कर रहा है । ग्रामीण अंचल से भी प्रतिभाओं का प्रदेश और देश के पटल पर सफल होकर आने से श्री एस पी सिंह की ग्रामीण छात्रों को अच्छी शिक्षा प्रदान कर सफल बनाने की संकल्पना मूर्त रूप ले रही है । सचिवालय में समीक्षा अधिकारी राघवेन्द्र ने विद्यालय के बच्चों को संदेश दिया कि अनवरत मेहनत, लगन एवं कुशल मार्गदर्शन से सभी बच्चे अपने सपनों को पूरा करें और नित नए आयाम स्थापित करें । इस अवसर पर लखनऊ पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य के०के०शर्मा,शिक्षक, राघवेंद्र के पिता श्री जयराम सिंह प्रबंधक ज्योति जूनियर हाईस्कूल कुरसठ एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।