राष्ट्रमंडल खेल : वेटलिफ्टिंग में आज भारत को दो पदक

राष्ट्रमंडल खेलों के दूसरे दिन भी वेटलिफ्टिंग ने भारत की झोली में पदक डाले। संजीता चानू ने देश को दूसरा स्‍वर्ण पदक दिलाया, जबकि दीपक लाठेर ने कांस्य पदक हासिल किया। संजीता ने कमर की तकलीफ के बावजूद महिलाओं के 53 किलो भार वर्ग में नये खेल रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतकर देश को जश्न मनाने का मौका दे दिया। ग्लास्गो में पिछले राष्ट्रमंडल खेलों में भी संजीता ने 48 किलो भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीता था।

पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में उतरे 18 वर्ष के लाठेर ने कुल 295 किलो वजन उठाकर तीसरा स्थान हासिल किया। वह राष्ट्रमंडल खेलों में देश के लिए पदक जीतने वाले सबसे युवा एथलीट भी बन गये। उन्होंने आने वाले समय में बेहतर प्रदर्शन का उम्मीद जताई। स्क्वॉश के महिला सिंगल्स में जोशना चिनप्पा ने क्वॉर्टर फाइनल में जगह बना ली है। बैडमिंटन में भारत मिक्सड टीम स्पर्धा के क्वार्टरफाइनल में पहुंच गया है। महिला हॉकी में भारतीय टीम ने मलेशिया पर 4-1 की शानदार जीत दर्ज की। मुक्केबाजी में अमित फंगल और नमन तंवर ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

मणिपुर राज्य सरकार ने मीरा बाई चानू और संजीता चानू को स्वर्ण पदक जीतने पर 15-15 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पदक तालिका में भारत दो स्‍वर्ण, एक रजत और एक कांस्‍य सहित चार पदक जीतकर पांचवें स्‍थान पर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संजीता चानू और दीपक लाथेर को राष्ट्रीय मंडल खेलों में पदक जीतने पर बधाई दी है। मणिपुर सरकार ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाली राज्य की वेटलिफ्टर्स मीरा बाई चानू और संजीता चानू को 15-15 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।