जिला अस्पताल कांड के पीड़ित डॉक्टर के समर्थन उतरी सपा

               बुधवार शाम जिला अस्पताल में भाजपा नेताओं व डॉक्टर के बीच चले हाईप्रोफाइल ड्रामे में डॉक्टर की पिटाई के बाद मामले में लगातार कई मोड़ आ रहे है। गुरुवार को पीड़ित डॉक्टर ने भी भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री, पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव रंजन मिश्र सहित पार्टी के 6 ज्ञात व 6 अज्ञात नेताओं पर मुकदमा दर्ज करने की मांग एसपी विपिन कुमार मिश्र से की थी लेकिन सत्ता के दबाब में करीब दो दिन बीत जाने के बाद भी अब तक डॉक्टर से मारपीट करने वाले नेताओं पर कोई कार्यवाही नही हुई जिसके विरोध में प्रांतीय चिकित्सक संघ ने इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर पूरे प्रदेश में हड़ताल करने व भाजपा नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी नही होने पर सामूहिक इस्तीफों की बात कही है। इन सभी घटनाक्रमों के बीच शुक्रवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय पर समाजवादी पार्टी मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड निवर्तमान जिला अध्यक्ष रामज्ञान गुप्ता की अध्यक्षता में एक आपात बैठक बुलाकर डॉक्टर के साथ भाजपा नेताओं द्धारा की गई मारपीट की निंदा कर प्रस्ताव पारित किया गया और सरकारी डॉक्टर के साथ मारपीट करने वाले भाजपा नेताओं पर एफआईआर दर्ज कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी की कार्यवाही करने की मांग जिला प्रशासन से की गई।
             बैठक को संबोधित करते हुए मुलायम यूथ ब्रिगेड के निवर्तमान जिलाध्यक्ष राम ज्ञान गुप्ता ने कहा कि बुधवार शाम भाजपा जिलाध्यक्ष व अन्य नेताओं द्वारा जिला अस्पताल में घुसकर एक्सरे विभाग में तैनात रेडियो लाजिस्ट डॉक्टर इंद्र सिंह व उनके सहयोगी अरुण कुमार के साथ की गई मारपीट व अभद्रता से साफ पता चलता है कि भाजपा नेताओं ने जिले में घोर अराजकता का माहौल बना रखा है और भाजपा के नेता गुंडों जैसा सलूक कर प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सकों व पुलिस पर फर्जी मुकदमे लिखवाने का दबाव बनाते है, जो बुधवार शाम जिला चिकित्सालय में घटित हुआ वह इसी कड़ी का एक हिस्सा है। भाजपा नेताओं की गुण्डई से अधिकारियों, कर्मचारियों से लेकर जनमानस तक मे भय का माहौल व्याप्त है और खुद को जनता का मसीहा व भाजपा सरकार का नुमाइंदा बताने वाले लोगों ने चारों तरफ लूट मचा रखी है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में डॉक्टरों के साथ भाजपा नेताओं द्धारा की गई अभद्रता कोई पहली घटना नही है, इससे पूर्व कुछ महीनों पहले मल्लावां विधायक आशीष सिंह आशू द्वारा सीएमओ को बंधक बनाकर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का कार्य किया जा चुका हैं जो कई दिनों तक सुर्खियों में भी रहा था। श्री गुप्ता ने कार्यकर्ताओं का आवाहन करते हुए कहा अगर जल्द से जल्द डॉक्टरों से मारपीट करने वाले भाजपा जिलाध्यक्ष व अन्य नेताओं पर एफआईआर दर्ज कर कड़ी से कड़ी कार्यवाही नहीं की जाती है तो समाजवादी यूथ ब्रिगेड धरना प्रदर्शन व आंदोलन करने पर विवश हो जाएगी जिसके लिए सभी कार्यकर्ता अभी से अपनी तैयारियां शुरू कर दें।
             बैठक में मुख्य रुप से जिला उपाध्यक्ष हरिनाम यादव,  जिला उपाध्यक्ष अभिनव राजपूत, जिला सचिव परिवेश श्रीवास्तव  कुक्कू, विधान सभा अध्यक्ष सवायजपुर शुभम तोमर, सदर विधानसभा अध्यक्ष धीरज अर्कवंशी, जिला सचिव सुधीर गुप्ता मिन्ना, रिंकू यादव, लकी गुप्ता, ब्लॉक उपाध्यक्ष सुरसा दीपू यादव, संजय यादव, हिमांशु वर्मा दानिश, अमन अर्कवंशी, अमित गुप्ता, अजय यादव, कमल मोहित चौहान, शाहिद सिद्दीकी, दिनेश यादव, शैलेश अर्कवंशी आदि लोग मौजूद रहे।