अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ बाइक सवार

*स्थानीय सीएचसी पर डॉक्टरों की गैरमौजूदगी से युवक की हालत हुई गंभीर।।*
———————————————
*कछौना (हरदोई)* कछौना कस्बे में आज बैंक ऑफ इंडिया के सामने दोपहर के समय एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल यामहा आर वन फाइव (UP-32-HB-0976) सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल को बचाने के चक्कर में पलट गई।जिससे मोटरसाइकिल सवार युवक कस्बे के रेलवे गंज निवासी राहुल विश्वकर्मा (20) पुत्र कृपाशंकर विश्वकर्मा अत्यंत गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों व स्थानीय लोगों की मदद से आनन फानन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना लाया गया जहां पर सभी चिकित्सक गायब मिले। सीएचसी पर उपस्थित वार्ड ब्याय सूर्यप्रकाश ने हल्का फुल्का उपचार करके अपने हाथ खड़े कर दिए।लगभग एक घंटे तक डाक्टरों का इंतजार करने के बाद युवक के परिजनों ने मुख्य चिकित्साधिकारी को उक्त प्रकरण से अवगत कराते हुए अपने निजी साधन से उसे उपचार हेतु लखनऊ लेकर चले गए। प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक मोटरसाइकिल सवार युवक काफी तेज रफ्तार से बाइक चला रहा था और हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। सीएचसी पर डॉक्टरों के मौजूद ना होने से दुर्घटना ग्रस्त युवक की हालत और भी गंभीर हो गई। जिससे सीएचसी स्टाफ की घोर लापरवाही उजागर हुई। इस संबंध में जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक विनोद साहनी से उनका पक्ष जानने के लिए सम्पर्क किया गया तो उनका फोन किसी अन्य व्यक्ति ने उठाते हुए बताया कि फोन चार्जिंग पर लगा है।

प्रदेश सरकार जहाँ एक तरफ स्वास्थ्य सेवाओं को दिन पर दिन बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत है वही दूसरी ओर सीएचसी कछौना के अधीक्षक की शिथिल कार्यशैली ने सरकार के प्रयासों पर प्रश्न चिन्ह लगा दिया है।
————————————————–
*_रिपोर्ट ➖ “एस.बी.सिंह सेंगऱ’_*