गुजरात में दीपावली पर्व के कारण जन अभियान कार्यक्रम हालांकि अभी रुका हुआ है, लेकिन सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी विधानसभा चुनाव से पहले त्योहार का लाभ उठाते हुए अपना संगठन और मजबूत कर रही है। इस वर्ष दिसम्बर के पहले सप्ताह में राज्य विधानसभा चुनाव की संभावना है। केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह गुजरात के छह दिन के दौरे पर हैं। इस दौरे में वे जिला पार्टी अध्यक्षों और महत्वपूर्ण गांवों के प्रतिनिधियों तथा सरपंचों और अन्य नेताओं से इस संबंध में विचार-विमर्श करेंगे। विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के बारे में भी विचार विमर्श किया जाएगा और इन प्रतिनिधियों तथा सरपंचों से चुनाव जीतने की रणनीति के बारे में सुझाव मांगे जाएंगे।
इस दौरे में आयोजित सभी बैठकों में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल और प्रदेश भाजपा महासचिव रत्नाकर भी उपस्थि थे। राज्य के दक्षिणी, मध्य और उत्तरी क्षेत्रों के प्रत्येक जोन में बैठकों के बाद आज चौथे दिन प्रभास पाटन और सोमनाथ में भी इसी तरह की बैठक की गई। पालनपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए श्री शाह ने कहा कि सभी बैठकों में निचले स्तर से लेकर चुनाव जीतने तक की तैयारियां की जा रही हैं। पार्टी पांच गौरव यात्रा भी कर चुकी है, जिनमें भारतीय जनता पार्टी की केंद्र और राज्य सरकारों की उपलब्धियों और अन्य विकास कार्यों के बारे में लोगों को अवगत कराया गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी सौराष्ट्र क्षेत्र के जाम कंडोरना और मध्य गुजरात के आणंद में आयोजित भव्य सभाओं को संबोधित किया। चुनाव अभियान का दूसरा दौर गुजराती नव वर्ष के अवसर पर आयोजित मेल मिलाप कार्यक्रमों और सभाओं से शुरू किया जाएगा। इस प्रकार के कार्यक्रम राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे। 27 अक्तूबर से उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। निर्वाचन आयोग द्वारा एक सप्ताह के भीतर आदर्श चुनाव संहिता जारी किए जाने की संभावना है। विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद राज्य में बड़े पैमाने पर चुनाव प्रचार शुरू किया जाएगा, जो एक महीने तक चलेगा।