पाकिस्तान सरकार से अमरीका ने आज हाफिज सईद की गिरफ्तारी और उसके अपराध के लिए उसकी सजा सुनिश्चित करने को कहा है । जमात-उद-दावा के प्रमुख और 26/11 मुम्बई हमले के षडयंत्रकारी की नजरबंदी से रिहाई के बाद अमरीका ने ये बात कही है । मालूम हो कि जमात – उद – दावा लश्करे तैयबा का ही एक खूंखार आतंकी संगठन है । इसी ने 2008 में मुम्बई आतंकी हमलों को अंजाम दिया था । इस हमले में छह अमरीकी नागरिकों सहित 166 लोग मारे गये थे। अमरीकी विदेश विभाग के प्रवक्ता हीथर नॉयर्त ने कहा कि अमरीका इस बात से चिंतित है कि लश्करे तैयबा के सरगना को पाकिस्तान में नजरबंदी से रिहा कर दिया गया है। सईद की रिहाई के आदेश पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कल भारत ने कहा था कि पाकिस्तान का असली चेहरा एक बार फिर दुनिया के सामने आ गया है।