कछौना/गौसगंज (हरदोई)। विकासखंड कछौना अंतर्गत कहली तेरवा स्थित सुभाष चन्द्र बोस स्नातकोत्तर महाविद्यालय में देश की नामचीन आईटी सर्विस कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) द्वारा रोजगार प्रशिक्षण एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों की कक्षाओं के 400 छात्रों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के माध्यम से सभी छात्रों को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
वृहस्पतिवार को सुभाष चंद्र बोस स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बतौर प्रशिक्षक पधारे TCS के उत्तरप्रदेश व उत्तराखंड के क्षेत्रीय प्रमुख ऋषिकेश भागवतकर ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों एवं युवाओं रोजगार परक प्रशिक्षण देना है। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ द्वारा छात्रों को 90 घंटों का आभासी अथवा भौतिक प्रशिक्षण प्रदान कर कंपनी में रोजगार के अवसर प्रदान किये जाते हैं। एक सप्ताह के भीतर ही छात्रों का प्रशिक्षण महाविद्यालय में आरम्भ कर दिया जाएगा। प्रशिक्षण के अंतर्गत अंग्रेजी, व्यक्तित्त्व विकास, कॉरपोरेट शिष्टाचार, व्यवहार, कंप्यूटर और अन्य तकनीकी कौशल सहित इंटरव्यू में सफलता पाने की ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि आयोजक महाविद्यालय के अतिरिक्त भी यदि किसी अन्य महाविद्यालय का छात्र प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर लाभान्वित होना चाहता है तो उसका स्वागत है, सभी छात्रों के लिए यह संपूर्ण प्रशिक्षण बिल्कुल निःशुल्क है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ डीएन सक्सेना, बी एड विभागाध्यक्ष श्री नीरज त्रिवेदी, बी एड वरिष्ठ प्रशिक्षक डॉ शरद शुक्ला, श्री ज्ञानेंद्र तिवारी एवं बीएससी (कृषि) समन्वयक डॉ दीपक गौतम तथा समस्त महाविद्यालय स्टॉफ मौजूद रहा।