- खेतों में ढीले लटक रहे बिजली के तारों से फसलों को खतरा।
- कुदरत की मार के बाद किसानों के अरमानों पर जर्जर तार फेर सकते पानी।
कछौना, हरदोई। विद्युत उपकेंद्र कछौना के अंतर्गत ग्राम भीरीघाट, मोहाई, गनेशपुर, बनियन खेड़ा, मतुआ, मरेउरा, को जाने वाली विद्युत लाइन काफी पुरानी व जर्जर होने के कारण गर्मी के मौसम में हादसे बढ़ जाते हैं। जिससे किसानों की फसल का नुकसान व जनहानि होने की घटनाएं प्रकाश में आती है। ग्रामीण ने लगातार कई वर्षों से जर्जर विद्युत लाइन को बदलवाने की मांग कर रहे हैं।
बताते चलें आपूर्ति के लिए विद्युत उपकेंद्र से 11 हजार की हाईटेंशन लाइन ग्राम मोहाई, भीरीघाट, देवनपुर, तकिया, गनेशपुर, त्यौरी, बनियन खेड़ा, मतुआ, मरेउरा को गई है। यह विद्युत लाइन काफी पुरानी है। जिसके तार ढीले हो गए हैं, जिसके चलते गर्मी में आय दिन तार टूट कर गिरने से किसानों की फसल में आग लगने की घटनाएं हो चुकी है। कई बार किसानों के पालतू पशु चपेट में आने से मृत्यु हो चुकी है। किसान खेतों में जाने से हमेशा भयभीत रहते हैं। हमेशा अनहोनी की घटना की आशंका बनी रहती है। इस ज्वलंत समस्या के निराकरण के लिए ग्राम प्रधान असद शाहिद, संयोजक जय हिंद जय भारत मंच के पी०डी० गुप्ता, ग्राम प्रधान सोनी सिंह मरेउरा, क्षेत्र पंचायत सदस्य रेनू तिवारी, राहुल श्रीवास्तव, दीपक सिंह उर्फ दीपू, सामाजिक कार्यकर्ता रमेश कुमार उर्फ पिंटू, रजनीश कुमार, पूर्व ग्राम प्रधान साहब लाल, सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र कुमार आदि ने शासन प्रशासन से जर्जर विद्दुत लाइन बदलवाने की मांग की, जिसपर विभागीय अधिकारी ने बजट के आवंटन पर लाइन बदलने की बात कहकर कर्तव्य की इतिश्री कर लेते हैं। जिसका खामियाजा आमजनमानस को उठाना पड़ता है।
रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता