उत्तरप्रदेश की योगी-सरकार उत्तर दे–

★ आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय

उत्तरप्रदेश में संविदा पर रखे गये जिन कोरोना-उपचारकर्मियों को प्रतिदिन ३०० रुपये प्रोत्साहनराशि देने की घोषणा की गयी थी, उन्हें अब तक एक पैसा नहीं दिया गया है, क्यों? उन उपचारकर्मियों के द्वारा प्रोत्साहनराशि की माँग करने पर सम्बन्धित अधिकारी उन्हें डरा-धमका दे रहे हैं।

इस प्रकार ११ माह व्यतीत हो चुके हैं; किन्तु कथित सरकार कानों में तेल डाले हुए है। जिन स्वास्थ्यकर्मियों के कर्त्तव्यनिर्वहण के कारण उत्तरप्रदेश के मुख्यमन्त्री आदित्यनाथ अपना सीना ठोंककर राज्य को ‘सुईकरण’ (यहाँ ‘टीकाकरण’ का प्रयोग अनुपयुक्त है।) के मुआमले में प्रथम स्थान पर आनेवाला राज्य बताते अघा नहीं रहे हैं, उन्हीं कर्मियों के साथ विश्वासघात भी करते आ रहे हैं। ऐसे स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सुअवसर मिल चुका है। उन्हें तीन महीने-बाद होनेवाले चुनाव में विश्वासघातियों और अवसरवादियों के विरोध में मतदान कर, ‘अपनी उपयोगिता और महत्ता को सिद्ध करना होगा।

(सर्वाधिकार सुरक्षित– आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; १ नवम्बर, २०२१ ईसवी।)