उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव महज चंद माह दूर हैं। ऐसे में सूबे की सियासी पार आसमान चढ़ने लगा है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने महिला कार्ड खेलने के साथ पिछले दिनों कांग्रेस की प्रतिज्ञा गिनाई तो अब राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) ने भी अपने पत्ते खोल दिए हैं। आरएलडी ने रविवार को अपना संकल्प पत्र जारी किया। साथ ही कई राजनैतिक दल के नेता भी आरएलडी में शामिल हुए। TMC के नेता संतोष यादव रविवार को आरएलडी में शामिल हुए।
आरएलडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने संतोष यादव को बड़ी जिम्मेदार दी है। संतोष यादव को प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया है। संतोष यादव ने बताया कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है उसको निष्ठापूर्वक होकर निर्वहन करूंगा।
बता दें आरएलडी ने 2022 के 22 संकल्प बताए हैं। अपने संकल्प पत्र में आरएलडी ने युवाओं को नौकरियों से लुभाने की कोशिश की है तो महिलाओं के लिए नौकरियों में 50 फीसदी आरक्षण के वादे के साथ प्रियंका गांधी के महिला कार्ड की काट करने का भी प्रयास किया है। पार्टी ने किसानों के साथ ही सूबे के बुजुर्गों पर भी डोरे डाले हैं।
आरएलडी ने विधानसभा चुनाव को लेकर जारी अपने 22 सूत्रीय संकल्प पत्र में युवाओं को एक करोड़ नौकरियां देने का वादा किया है। पार्टी ने किसानों को आलू का डेढ़ गुना दाम, गन्ना किसानों को भी डेढ़ गुना दाम और 14 दिन में भुगतान करने का संकल्प व्यक्त किया है। आरएलडी ने वृद्धावस्था पेंशन तीन गुना करने और महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण का भी संकल्प व्यक्त किया है।
—सिद्धान्त सिंह