विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान पाकिस्तान से सकुशल लौटे भारत

भारतीय वायुसेना के सिरमौर विंग कमांडर पायलट अभिनंदन वर्तमान पाकिस्तान से सही-सलामत भारत वापस लौट आए। अटारी बॉर्डर पर फ़ौज, पंजाब पुलिस, मीडिया और देश के कोने-कोने से आए लोगों ने अपने चहेते नगीने का जोर शोर से स्‍वागत किया । पायलट वर्तमान रात नौ बजे के करीब सभी के सामने भारत की धरती पर नजर आए। अभिनन्दन का दीदार करने के साथ-साथ ही पूरा देश जश्‍न में डूब गया।

पाकिस्तान ने जैसे ही अभिनंदन वर्तमान को भारत को सौंपा अटारी-वाघा बॉर्डर पर खुशियों का समन्दर लहरा गया। लोगों ने तिरंगा फहराकर अभिनंदन का अभिनन्दन किया। अटारी-वाघा बॉर्डर अभिनंदन के मुरीदों की तालियों से गूंज उठा । इस ऐतिहासिक मौके पर पर भारत-पाकिस्तान सीमा भारत माता के जयकारों से गूँज उठा ।

अटारी बॉर्डर पर अभिनंदन के माता पिता भी अपने बेटे के स्‍वागत के लिए पहुंचे। अभिनंदन ने जैसे ही भारत में कदम रखा, उनके माता-पिता सहित सभी भावुक हो गए। इस दौरान हजारों आंखे नम दिखीं। पिता की आंखों में बेटे के गर्वित करने वाले साहस का सम्मान मोतियों की तरह झलक रहा था। बॉर्डर पर वायुसेना का प्रतिनिधिमंडल अभिनंदन को लेने के लिए आया था, जो जांबाज सिपाही को साथ लेकर चले गये ।