हरदोई : शहर कोतवाली क्षेत्र के कुतुबापुर में कच्ची दीवार के मलबे में दबकर सास की मौत हो गई तथा बहू गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने बहू को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की।
ग्राम कुतुबापुर निवासी रामदेवी (60) पत्नी श्रीकृष्ण मंगलवार की सुबह घर में चूल्हे पर चाय बना रही थी उनके साथ में बहू सुधा पत्नी श्यामकिशोर भी बैठी हुई थी। उसी समय अचानक उनकी कच्ची दीवार ढ़ह गई। जिसके मलबे में दोनों दब गई। दीवार ढ़हने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण दौड़ पड़े और मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक रामदेवी ने दम तोड़ दिया। घटना में सुधा गंभीर रूप से घायल हो गई। जिन्हें परिजनों ने उपचार के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल करते हुए सरकारी सहायता दिलाने की बात की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।