आंगनबाड़ी एवं मिनी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को ₹500 व सहायिकाओं को ₹250 प्रतिमाह प्रोत्साहन राशि के रूप में दिया जायेगा :- जिलाधिकारी

दोनो मानको में लक्ष्य को प्राप्त करने वाली कार्यकत्री/सहायिकाओं को प्रोत्साहन राशि दी जायेगीः खरे

हरदोई 16 जनवरी 2019 :- जिलाधिकारी पुलकित खरे ने अवगत कराया है कि भारत सरकार के निर्देशानुसार निर्धारित मानक एवं अर्हता के अनुसार पोषण अभियान के अंतर्गत आईसीडीएस, सीएएस के क्रियान्वयन हेतु आंगनबाड़ी एवं मिनी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को ₹500 तथा सहायिकाओं को ₹250 प्रतिमाह प्रोत्साहन राशि के रूप में दिया जायेगा।

उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकत्री द्वारा एप्लीकेशन साफ्टवेयर, आईसीडीएस-सीएएस के सतत उपयोग को प्रोत्साहित करना है । ताकि सेवाओं की बेहतर निगरानी एवं प्रबन्धन हो और 1000 दिन की लक्षित अवधि के दौरान सेवाओं की उपलब्धता पर ध्यान केन्द्रित हो सके। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रोत्साहन राशि के मानक के अनुसार आंगनबाड़ी व मिनी आंगनबाड़ी कार्यकत्री द्वारा आंगनबाड़ी व मिनी आंगनबाड़ी केन्द्र पर पंजीकृत 02 वर्ष तक आयु के कुल बच्चों के सापेक्ष माह में कम से कम 60 प्रतिशत बच्चों की ग्रोथ मानिटरिंग की हो तथा कार्यकत्री द्वारा गर्भवती एवं 02 वर्ष तक की आयु के बच्चों को निर्धारित गृह भ्रमण लक्ष्य के सापेक्ष माह में कम से कम 60 प्रतिशत किया हो। उन्होंने कहा कि दोनों मानको में लक्ष्य को प्राप्त करने वाली कार्यकत्री को ₹500 प्रतिमाह प्रोत्साहन राशि दी जायेगी । इसका आंकलन आईसीडीएस-सीएएस डैशबोर्ड पर आटो जनरेटेड रिपोर्ट के आधार पर किया जायेगा। श्री खरे ने कहा कि इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने आईसीडीएस-सीएएस प्रशिक्षण पूर्ण किया हो तथा सीएएस एप्लीकेशन पर समस्त लाभार्थियो की सूचना फीड होने के साथ आईसीडीएस-सीएसएस एप्लीकेशन का प्रयोग करते हुए कम से कम एक माह की रिपोर्टिंग की गयी हो।

जिलाधिकारी ने बताया कि आंगनबाड़ी सहायिका द्वारा मानक के अनुसार माह में कम से कम 21 दिन आंगनबाड़ी केन्द्र खोलना/संचालन होना और मानक आंकलन में आंगनबाड़ी कार्यकत्री द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्र पर उपस्थित बच्चों सहित आंगनबाड़ी केन्द्र का फोटोग्राफ आईसीडीएस-सीएएस एप्लीकेशन पर अपलोड किये जाने के आधार पर किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मुख्य सेविका/ बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रोत्साहन राशिा हेतु सूचीबद्ध कार्यकत्रियों व आंगनबाड़ी सहायिकाओं की सूचना हस्ताक्षरित करते हुए निदेशक राज्य पोषण मिशन अभियान तथा निदेशक बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार को प्रेषित करेगें और प्रोत्साहन राशि का भुगतान डीबीटी/आरटीजीएस/एनईएफटी के माध्यम से यथासम्भव अगले माह की 15 तारीख तक किया जायेगा।