धारदार हथियार से युवक की हत्या, गांव की गली में पड़ा मिला शव 

हरपालपुर : ग्राम टिकार में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है। उसका शव गांव की गली में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति के विरूद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अरवल थाना क्षेत्र के ग्राम टिकार गांव निवासी फिरोज (40) पुत्र मुंसेर खेतीबाड़ी का काम करता था। घटना के संबंध में भाई जलालुद्दीन ने बताया कि फिरोज की तीन पुत्रियां व एक पुत्र है। उन्होंने बताया कि गांव निवासी दीनानाथ से उसकी दोस्ती थी और दोनों एक साथ बैठ कर शराब पिया करते थे। मंगलवार की शाम को दीनानाथ के घर में शराब पीने के लिए गया था। बुधवार की सुबह उसका शव दीनानाथ के घर के बाहर गली में पड़ा मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फिरोज के सिर पर धारदार हथियार से कई प्रहार किए जाने के निशान थे। वहीं दीनानाथ घर छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। भाई की तहरीर पर पुलिस ने दीनानाथ के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। अरवल थाना प्रभारी ने बताया मामले कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।