हरदोई : सांडी थाना क्षेत्र में एक वृद्ध की बीमारी से मौत हो गई। ग्रामीणों ने संदिग्ध मौत होने की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
ग्राम समजलपुर निवासी बलराम (60) पुत्र रामप्रसाद के दो भाई तुलाराम और राममूर्ति है। दोनों बाहर रहते हैं और वह गांव निवासी अरविंद पांडेय के पास रहते थे। उन्होंने बताया कि पिछले दस दिनों से बलराम की तबियत खराब थी। जिनका बिलग्राम के एक अस्पताल पर उपचार चल रहा था। सोमवार को डाक्टर ने उन्हें घर भेज दिया। परिजन उन्हें लेकर घर आ रहे थे लेकिन रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने उनकी संदिग्ध मौत की आशंका जताते हुए यूपी 100 पुलिस को घटना की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। सांडी थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने पर स्थिति साफ होते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।