संदिग्ध हालात में सड़क के किनारे पड़ा मिला पीआरडी जवान का शव 

हरदोई– जिले में एक पीआरडी जवान का शव संदिग्ध हालात में सड़क के किनारे पड़ा मिला। शव के पास ही मृतक जवान की बाइक पड़ी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारकर जवान को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि पीआरडी जवान बैंक में ड्यूटी करने गया था। इस घटना के मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है। कासिमपुर थाना इलाके के गुलाबी खेड़ा गांव के पास पीआरडी जवान राम भजन का शव और बाइक सड़क किनारे खाई में संदिग्ध हालात में पड़ी मिली।

शव की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच से पुलिस को ऐसा लग रहा है कि किसी अज्ञात वाहन से कुचलने से जवान की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।