आज नई दिल्‍ली में प्रदान किए गए 65वें राष्‍ट्रीय फिल्‍म पुरस्‍कार

अभिनेता विनोद खन्‍ना को मरणोपरान्‍त दादा साहेब फाल्‍के पुरस्‍कार

राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज नई दिल्‍ली में 65वें राष्‍ट्रीय फिल्‍म पुरस्‍कार प्रदान किए। भारतीय सिनेमा में महत्‍वपूर्ण योगदान के लिए अभिनेता विनोद खन्‍ना को मरणोपरान्‍त दादा साहेब फाल्‍के पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया गया। दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी को हिन्‍दी फिल्‍म मॉम में उनके उत्‍कृष्‍ट अभिनय के लिए सर्वश्रेष्‍ठ अभिनेत्री का पुरस्‍कार दिया गया। बंगाली फिल्‍म नगर कीर्तन के लिए सर्वश्रेष्‍ठ अभिनेता का पुरस्‍कार रिद्धि सेन को मिला। असमिया फिल्‍म रॉकस्‍टार्स ने सर्वश्रेष्‍ठ फीचर फिल्‍म का पुरस्‍कार जीता। मलयालम फिल्‍म भयनकम के लिए सर्वश्रेष्‍ठ निर्देशक का पुरस्‍कार जयराज को मिला। बाहुबली दो को भरपूर मनोरंजन वाली सर्वश्रेष्‍ठ लोकप्रिय फिल्‍म का पुरस्‍कार दिया गया।

इस अवसर पर राष्‍ट्रपति ने कहा कि फिल्‍में समाज की उन चुनौतियों को भी परिलक्षित करती हैं जिनसे निपटना जरूरी है। हमारी फिल्मों के कथानक हमें यह प्रेरणा देते हैं कि हम अपनी सभ्यता और अपने समाज की साझा विरासत से सदैव जुड़े रहें। हमारी फिल्में शिक्षा और मनोरंजन दोनों ही प्रदान करती हैं। उन सामाजिक चुनौतियों को भी दर्शाती हैं जिन पर हमें अभी काबू पाना है और सबसे बड़ी बात यह है कि ये सब फिल्मों द्वारा ऐसी भाषा में किया जाता है जिसे हर कोई समझ सके।

सूचना और प्रसारण मंत्री स्‍मृति ईरानी ने कहा कि पिछले साल देश में करीब दो हजार फिल्‍में रिलीज हुई। उन्‍होंने कहा कि यह गौरव की बात है कि इस बार 21 महिलाओं को फिल्‍म पुरस्‍कार दिए गये। इस मंच पर 21 से ज्यादा महिलाओं का सम्मान करते हुए मैं अपने आप को गौरवान्वित पाती हूं। चाहो वो रीमा दास हों जिन्होंने एक साधारण सी कहानी असंकेत गांव के बारे में कुछ ऐसी प्रस्तुति की कि उसने न सिर्फ हर हिन्दुस्तानी के दिल के तारों को छूआ बल्कि विश्वभर में भारत का नाम रौशन किया। देशभर की जनता के मन में एक अमिट छाप छोड़ने के लिए आप सबके सहयोग से श्रीदेवी को भी याद करती हूं।