शराब माफिया जेपी गुप्ता की करोड़ों की काली कमाई के जब्तीकरण की कार्यवाही शुरू

जिला कारागार में गैंगेस्टर एक्ट के तहत बंद पिहानी ब्लाक प्रमुख के पति व शराब माफिया जेपी गुप्ता की मुसीबतें बढ़ती जा रही है।पुलिस ने अब जय प्रकाश गुप्ता की काली कमाई की जब्ती की कार्यवाही शुरू कर दी है और मामले की जांच आयकर व ईडी से भी कराये जाने की कार्यवाही के लिए फाइल डीएम को भेज दी गयी है।

एसपी विपिन कुमार मिश्रा ने बताया कि हरदोई की शहर कोतवाली में यूपी गैंगस्टर एक्ट के अभियुक्त एवं शराब माफिया जय प्रकाश गुप्ता एवं उसके परिजनों द्वारा अवैध तरीके से कमाई गई अकूत चल-अचल संपत्ति का विवरण एकत्रित कर उसे वित्त एवं विधि विशेषज्ञों से परीक्षित कराकर उक्त संपत्ति को जब्त करने की रिपोर्ट जिलाधिकारी हरदोई को प्रेषित की गई है।

एसपी के मुताबिक जय प्रकाश गुप्ता, उसकी पत्नी एवं उसके पुत्र द्वारा वर्ष 2008-09 से वर्ष 2015-16 के बीच 2203689 रुपए की घोषित आय की कमाई की गई जबकि उनके द्वारा इस अवधि में 3 करोड़ 95 लाख 50 हजार 436 रुपये की चल- अचल संपत्ति का क्रय किया गया। इस प्रकार इस गैंग लीडर ने आमदनी अठन्नी, खर्चा रुपैया की कहावत को भी चरितार्थ कर दिया है।अवैध तरीकों से कमाई गई इस संपत्ति की सूचना आयकर विभाग को भी प्रेषित की जा रही है। इसके अतिरिक्त गैंग लीडर एवं उसके परिजनों की बेनामी संपत्ति की जांच ईडी से भी कराए जाने की तैयारी की जा रही है ।