इन्वेस्टर्स समिट में अंतर्राष्ट्रीय निवेशक भी करेंगे प्रतिभाग

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने विभिन्न रोड-शो में उद्यमियों द्वारा लगभग 2.53 लाख करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव हासिल करने में सफलता प्राप्त की है । दिल्ली में आयोजित रोड-शो में 27,000 करोड़ रुपये, बंगलौर के रोड-शो में 6,000 करोड़ रुपये, हैदराबाद के रोड-शो में 11,500 सौ करोड़ रुपये और मुम्बई के रोड-शो में 1.25 लाख करोड़ रुपये का निवेश किये जाने के प्रस्ताव विभिन्न औद्योगिक घरानों तथा उद्यमियों ने दिए हैं ।
सरकारी सूत्रों का कहना है कि सरकार द्वारा राज्य में अवस्थापना सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के कारण ही उद्यमियों ने प्रदेश में आकर निवेश करने की इच्छा जताई है । विभागीय मन्त्री श्री सतीश महाना ने सभी विभागों के प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विभागों के प्रोजेक्ट प्रोफाइल तैयार करके औद्योगिक विकास आयुक्त को तत्काल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें । दरअसल इस समिट में देश के ही नहीं बल्कि अंतर्राष्ट्रीय निवेशक भी प्रतिभाग करेंगे । समिट के कंट्री पार्टनर नीदरलैंड, फिनलैंड और चेकगणराज्य की सहमति प्राप्त हो चुकी है । इसके साथ ही भारत स्थित विभिन्न दूतावासों द्वारा भी समिट में प्रतिभाग किया जाएगा।
सभी विभागों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि इन्वेस्टर्स समिट के मद्देनजर इस आयोजन को फोकस करके लोगों को इसके बारे में विस्तार से जानकारी भी दी जाए । इसके लिए सरकार द्वारा जिलाधिकारियों को भी निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में 21 एवं 22 फरवरी, 2018 को आयोजित इन्वेस्टर्स समिट का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें । साथ ही इसमें भाग लेने के लिए अपने-अपने क्षेत्रों से उद्यमियों को प्रेरित भी करें । इस समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव, औद्योगिक विकास, श्री आलोक सिन्हा, प्रमुख सचिव खादी एवं ग्रामोद्योग श्री नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव, पर्यटन एवं सूचना श्री अवनीश अवस्थी के अलावा उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग, नगर विकास, ऊर्जा, नागरिक उड्डयन, पशुपालन, लोकनिर्माण, व्यवसायिक शिक्षा विभाग सहित अन्य विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया ।