प्रदेश के सहकारिता मंत्री श्री मुकुट बिहारी वर्मा ने कहा कि अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी से करना चाहिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं की जानी चाहिए। श्री मुकुट बिहारी वर्मा ने आज यूपी कोआपरेटिव इंस्पेक्टर्स एसोसिएशन के प्रान्तीय अधिवेशन, संत गाडगे जी महाराज प्रेक्षागृह संगीत नाटक अकादमी विपिनखण्ड गोमती नगर में आयोजित कार्यक्रम में यह विचार व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि अपनी मांग रखना स्वाभाविक है। मेरे स्तर पर किसी कार्य को रोका नहीं जाता है। सहकारिता विभाग की जो भी जिम्मेदारी आप लोगों द्वारा ली गई है, उसको पूरा करना भी आप सबकी ही जिम्मेदारी है। श्री मुकुट बिहारी वर्मा ने कहा कि आज के इस कार्यक्रम के माध्यम से एसोसिएशन के महामंत्री श्री विजय प्रकाश वर्मा द्वारा नौ सूत्रीय मांग पत्र प्रस्तुत किया गया है। इस मांग पत्र में जो भी मांगे जायज होंगी उनका निस्तारण शीघ्र कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की सरकार सबका साथ, सबका विकास के आधार पर कार्य कर रही है। सबका भला हो, इसी दिशा में काम करना चाहिए।