कृषि उत्पादन मंडी परिषद की समितियों द्वारा चावल निर्माता-निर्यातकों को गेटपास निर्गत करने में लगने वाले समय से राहत देने के लिए मंडी द्वारा गेटपास बुक एडवांस में उपलब्ध कराई जाएगी । प्रमुख सचिव कृषि विपणन श्री अमित मोहन प्रसाद ने लागू नई चावल निर्यात नीति के हवाले से अवगत कराया कि चावल निर्माता-निर्यातकों को प्रत्येक माह पारेषित की जाने वाली चावल की औसत मात्रा पर दिए जाने वाले मंडी शुल्क और विकास शेष धनराशि के बराबर की बैंक गारंटी प्रस्तुत करने पर मंडी समिति एडवांस में गेट पास पुस्तिका उपलब्ध कराएगा ।
उन्होंने बताया कि निर्यातित चावल की मात्रा के सत्यापन के लिए नजदीकी पंजीकृत धर्मकांटा की रसीद चावल निर्माता-निर्यातकों को प्रस्तुत करनी होगी । चावल निर्माता-निर्यातक मंडी से प्राप्त एडवांस गेटपास बुक से स्वयं गेटपास जारी करेगा और अगले दिन कार्य दिवस पर मंडी समिति को उसकी प्रति उपलब्ध करा देगा । प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया है कि उत्तर प्रदेश चावल निर्यात प्रोत्साहन योजना (2017-2022) में एडवांस गेटपास उपलब्ध कराने की इस व्यवस्था से चावल निर्माता निर्यातकों को गेटपास प्राप्त करने में लगने वाले समय और अनावश्यक विलंब से बड़ी राहत प्राप्त होगी ।