गांव के संपर्क मार्ग को पक्का निर्माण हेतु ग्रामीणों ने विधायक को सौंपा प्रार्थना पत्र


रिपोर्ट- पी०डी०गुप्ता


कछौना(हरदोई): विकासखंड कछौना की ग्राम पंचायत नरायनदेव के मजरा कन्हौआ के निवासीगणों ने अपने गांव में संपर्क मार्ग के पक्के निर्माण हेतु क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा को प्रार्थना पत्र दिया। बताते चलें कि नरायनदेव के मजरा कन्हौआ की आबादी 400 के लगभग है। ज्यादातर इस गांव में दलित बाहुल्य के लोग निवास करते हैं। गांव को जाने हेतु कोई संपर्क मार्ग अच्छी स्थिति में नहीं है। गांव के पूर्व दिशा में ग्राम बबुरहा तक कच्चा मार्ग है जिसकी दूरी 1 किलोमीटर है वहीं दूसरी तरफ पश्चिमी दिशा में ग्राम समसपुर जो कि लगभग 2 किलोमीटर पर स्थित है, वह मार्ग भी कच्चा ही है, जिसमें त्योरी ड्रेन (बरसाती नाला) है, उस पर कोई पुलिया भी नहीं है ।

बरसात के समय रास्ता बंद होने पर ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गांव के जूनियर कक्षा के छात्रों को बरसात में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर विद्यालय जाना भी बाधित हो जाता है। ऐसी दशा में गांव के पूरब दिशा में रेलवे लाइन पर से गुजर कर छात्र विद्यालय जाते हैं जिससे नौनिहाल बच्चों का जीवन सदैव जोखिम भरा बना रहता है। वहीं गर्भवती महिलाओं को प्रसव के दौरान गांव में एंबुलेंस भी उपलब्ध नहीं हो पाती है जिससे कई बार गर्भवती महिलाओं की उचित इलाज के अभाव में मृत्यु तक हो चुकी है। गांव में संपर्क मार्ग अच्छी स्थिति में ना होने के कारण गांव का सर्वांगीण विकास बाधित हो रहा है जिससे ग्रामीण जन अपनी मूलभूत सुविधाओं से वंचित होते जा रहे हैं। विधायक जी को दिए प्रार्थना पत्र में कन्हौआ निवासी अशोक, गोविंद, शंभू, दीनदयाल, नवीन पटेल आदि ग्रामीणों ने अनुरोध किया है कि जनहित में गांव के संपर्क मार्ग को शीघ्र से शीघ्र पक्का बनवाने की कृपा करें, जिससे गांव को विकास की मुख्यधारा में शामिल किया जा सके। प्रार्थना पत्र के संदर्भ में विधायक जी ने बताया कि उपरोक्त बिन्दु पर शीघ्र विचार करके संपर्क मार्ग को पक्का बनाया जाएगा।