जिले में फर्जी पत्रकार बनकर लूट की घटना व ठगी करने वाले गिरोह का शहर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने शाहजहांपुर जनपद के दो फर्जी पत्रकारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि पकड़े गए आरोपी लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। उनके मोबाइल नम्बर मिलने से उनको पकड़ने में पुलिस को आसानी हुई।
कोतवाली शहर के गुरगुजा निवासी हरिनाम 20 फरवरी को ट्रैक्टर से बालू लेकर अपने घर जा रहे थे। तभी दो लोगों ने बाइक से आकर ट्रैैक्टर को रूकवा लिया। उसके बाद दोनों ने खुद को पत्रकार बताकर पैसे की मांग की। एसडीएम के यहां से मिलकर आने की बात बताई। इस पर हरिनाम ने शहर पुलिस को सूचना दे दी। शहर पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक दोनों आरोपी वहां से निकल चुके थे। पुलिस का कहना है कि पीड़ित के पास इन्हीं दो आरोपियों ने अपने मोबाइल नम्बर 995693315 से फोन किया था। जिससे इसी मोबाइल नम्बर की मदद से पुलिस ने दोनों को खोज निकाला। इंस्पेक्टर आलोक सिंह के मुताबिक दोनों से पूछताछ करने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया। दोनों ठगी के अलावा लूटपाट की वारदातों को भी अंजाम देते थे। पकड़े गए शातिर अपराधी शाहजहांपुर जनपद के सेहरामऊ दक्षिणी निवासी प्रशांत द्विवेदी व अभिषेक प्रजापति हैं । दोनों का बुधवार को जिला अस्पताल में मेडिकल चेकअप कराने के बाद जेल भेज दिया।