प्रधानमंत्री आज राष्‍ट्रीय पंचायतीराज दिवस के अवसर पर मध्‍य प्रदेश के मंडला जिले में शुरू करेंगे राष्‍ट्रीय ग्राम स्‍वराज अभियान

आज राष्‍ट्रीय पंचायतीराज दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  मध्‍य प्रदेश के मंडला जिले में राष्‍ट्रीय ग्राम स्‍वराज अभियान शुरू करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री देशभर में पंचायती राज प्रतिनिधियों को सम्‍बोधित करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री अगले पांच वर्ष के दौरान जनजातीय क्षेत्रों के चहुंमुखी विकास के लिए रोडमेप की जानकारी देंगे। प्रधानमंत्री शत-प्रतिशत धुंआ रहित रसोई, मिशन इन्‍द्रधनुष के तहत शतप्रतिशत टीकाकरण और सौभाग्‍य योजना के तहत शतप्रतिशत विद्युतिकरण हासिल करने वाले गांवों के सरपंचों का अभिनंदन भी करेंगे।

इस योजना में ई-पंचायत मिशन मोड प्रोजेक्‍ट के तहत ई-गवर्नेंस के लिए प्रशिक्षण, बुनियादी ढांचे के निर्माण और अन्‍य प्रयासों पर ध्‍यान केन्द्रित किया जाएगा। आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने केन्‍द्र प्रायोजित पुनर्गठित योजना को पिछले सप्‍ताह मंजूरी दी थी। देश के सभी राज्‍यों और केन्‍द्रशासित प्रदेशों तक इस योजना का विस्‍तार किया जाएगा। यह योजना उन क्षेत्रों में ग्रामीण स्‍थानीय सरकार के संस्‍थानों में भी लागू की जाएगी, जहां पर पंचायतें नहीं हैं। इससे दो लाख 55 हजार पंचायती राज संस्‍थानों को विकास का लक्ष्‍य पूरा करने में मदद मिलेगी।