दीपक श्रीवास्तव (कछौना)
कछौना (हरदोई) – विकासखंड कछौना की ग्राम सभा गाजू में बिजली विभाग की घोर लापरवाही का मामला सामने आया है l बीती रात खेतों में मौत बनकर झूल रहे बिजली के टूटे तार की चपेट में आकर दो गोवंशों की मौत हो गई l
मौत बनकर लटक रहे बिजली के जर्जर तारों की समस्या एक विकट समस्या है, जो विद्युत विभाग व विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते नासूर बन चुकी है l
ऐसा ही एक मामला विकासखंड कछौना की ग्राम सभा गाजू में सामने आया है,जहां बीती रात खेतों के ऊपर से निकली जर्जर विद्युत लाइन टूट गई l जिसकी सूचना ग्रामीण पुनीत ने विद्युत उपकेंद्र कछौना के सीयूजी नंबर पर दी l परंतु विद्युत कर्मी ने फोन पर बताया कि लाइन बंद नहीं होगी l तार टूटने की सूचना मिलने के बाद भी रात में कोई विद्युतकर्मी या अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा l सुबह जब ग्रामीण उठे तो उन्होंने देखा कि कौशलेंद्र प्रताप सिंह पुत्र कृष्णपाल सिंह के खेत में टूटे बिजली के तार की चपेट में आकर एक गाय मृत पड़ी हुई है l
एक अन्य दूसरी घटना में ग्रामसभा गाजू के श्री कृष्ण पुत्र रामस्वरूप के खेतों के ऊपर से निकली व मौत बनकर धरातल के नजदीक झूल रही 11,000 की लाइन की चपेट में आकर एक बैल की मौत हो गई l
मौत बनकर झूल रहे हैं तार, शिकायत के बाद भी विद्युत विभाग बना लापरवाह
विकासखंड कछौना की ग्राम सभा गाजू के खेतों के ऊपर से निकली 11000 की विद्युत लाइन के तार पूरी तरह जर्जर, ढीले वह जमीन के नजदीक आ चुके हैं l जो धरातल से मात्र चार-पांच फीट की दूरी पर लटक रहे हैं जिसके कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं l ग्रामीणों ने बताया की इस समस्या से अवर अभियंता को लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है l परंतु अभी तक समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है l
हादसों से कोई सबक नहीं लेता है विभाग
विकासखंड कछौना की ग्राम सभा गाजू में बीते 19 और 21 अप्रैल को खेतों के ऊपर से निकले जर्जर बिजली के तार टूट जाने के कारण क्रमशः विकास कुमार सिंह पुत्र धीरेंद्र प्रताप सिंह व अरविंद पुत्र रामविलास की एक बीघा फसल जलकर खाक हो गई थी l
विभागीय लापरवाही का नतीजा है कि कई शिकायतों के बाद भी जर्जर, ढीले, जमीन के नजदीक आ चुके तारों को विभागीय कर्मचारी ठीक नहीं कर रहे हैं l जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं l आज के हादसों से कोई सबक नहीं सीखने वाला विभाग कल की घटनाओं को क्या याद करेगा l खेतों में मौत बनकर लटक रहे बिजली के तारों को ग्रामीणों ने बांस बल्ली का सहारा दे रखा है लेकिन आवारा पशुओं की टक्कर से बांस बल्ली भी सुरक्षित नहीं है l जवाबदेही के अभाव के कारण विभागीय अधिकारियों के हौसले बुलंद हैं जिसका प्रमाण कल मिला जब तार टूटने की घटना की सूचना के लिए गए फोन पर विद्युत कर्मी ने विद्युत आपूर्ति ना बंद करने की बात कही l जिसके कारण दो गोवंशों को तार की चपेट में आकर अपनी जान गवानी पड़ी l
विभागीय अधिकारियों की लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को मामले से कराया अवगत
कई बार बैठकों में विद्युत विभाग के अधिकारियों को फोन उठाने और उनकी समस्याओं को दूर करने का निर्देश जिलाधिकारी दे चुके हैं l परंतु विभागीय अधिकारी एक कान से सुनते हैं दूसरे से निकाल देते हैं l जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही कोढ़ में खाज का काम कर रही है l जिससे आम लोगों की समस्या का कोई पुरसाहाल नहीं है l विभागीय लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने दूरभाष द्वारा पूरे मामले से जिला अधिकारी को अवगत कराया है l