कछौना(हरदोई)- शनिवार को ग्राम समोधा में प्रबुद्ध इंडियन गैस एजेंसी का भूमि पूजन विधि विधान से सांसद मिश्रिख अंजू बाला व विधायक मल्लावां डॉक्टर आशीष सिंह आशू के कर कमलों द्वारा संपन्न हुआ । इस अवसर पर उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए सांसद अंजू बाला ने बताया कि भारत सरकार ने गरीब महिलाओं के लिए धुएं के चूल्हे से मुक्त कराने के लिए उज्ज्वला योजना लागू की है जिससे प्रत्येक गरीब परिवार को धुएं से मुक्त होकर स्वस्थ भोजन मिल सके। पूर्ववर्ती सरकारों में गैस सिलेंडर की मारामारी रहती थी, उपभोक्ता को समय से गैस नहीं मिल पाती थी और घटतौली का शिकार होता था। स्थिति यहां तक थी कि उसे मार्केट में ऊंची दर में ब्लैक में सिलिंडर खरीदना पड़ता था। मोदी सरकार ने इस योजना को आधार कार्ड से लिंक कर इसमें व्याप्त कालाबाजारी को खत्म किया। इस अवसर पर विधायक डॉक्टर आशीष सिंह आशू ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में एजेंसी खुल जाने से ग्रामीण उपभोक्ताओं को गांव में ही इस योजना का भरपूर फायदा मिलेगा। एजेंसी के प्रोप्राइटर रामप्रताप सिंह के भाई योगेंद्र सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में उज्ज्वला योजना के तहत ज्यादा से ज्यादा परिवारों को इस योजना का निशुल्क लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक सतीश वर्मा, जिला पंचायत सदस्य परशुराम चौरसिया, प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस अभिषेक पटेल, मोहित सिंह, डॉक्टर प्रत्यूष, गगन सिंह, डॉ आनंद सिंह, आईएएस अधिकारी पवन कुमार, नीरज विद्यार्थी, ग्राम प्रधान व डॉक्टर अभिलाष वर्मा सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट- पी. डी. गुप्ता