प्रधानमंत्री ने कहा है कि देश, महिला विकास के दौर से आगे बढ़कर अब महिलाओं के नेतृत्व में विकास की दिशा में बढ़ रहा है। नरेन्द्र मोदी ऐप के जरिए आज कर्नाटक भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि चाहे संगठन हो या सरकार, भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को प्राथमिकता देती है। आज हम महिला विकास से आगे, महिला के नेतृत्व में विकास की बात कर रहे हैं। हमारी पार्टी भी इसी मंत्र में विश्वास रखती है। हमारे लिए संगठन हो, सरकार हो, कार्यक्रम की रचना हो, वीमेन फर्स्ट है। यदि आप कैबिनेट पर नजर डालेंगे तो दिखेगा कि सक्षम महिलाओं को इम्पोर्टेंट पोर्टफोलियोज दिए गए हैं।
श्री मोदी ने कहा कि सरकार ने हाल में महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ अपराधों से संबंधित कानूनों को संशोधित कर उन्हें और सख्त कर दिया है। केंद्र सरकार ने एक साथ कई कानूनों को सख्त करने का काम किया। इंडियन पीनल कोड, सीआरपीसी, पॉक्सो समेत कई कानूनों में बदलाव किया। अब मासूम बच्चों के साथ रेप जैसा जघन्य अपराध करने वाले को फांसी तक की सजा हो सकती है। कुछ मामलों में न्यूनतम सजा को दस साल से बढ़ाकर बीस साल कर दिया गया है। सरकार इस पर भी ध्यान दे रही है कि दोषी को सजा भी मिले लेकिन जल्द से जल्द मिले। कर्नाटक की महिलाओं के लिए केन्द्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि सरकार ने उज्ज्वला योजना के अंतर्गत राज्य में गरीब महिलाओं को करीब साढ़े 9 लाख गैस कनैक्शन निशुल्क दिए हैं। कांग्रेस की आलोचना करते हुए श्री मोदी ने कहा कि अगर कांग्रेस दुष्प्रचार करना छोड़ दे तो वह अपनी प्रासंगिकता खो देगी।
कर्नाटक में चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर है। भाजपा और कांग्रेस के नेता समूचे राज्य में चुनाव प्रचार में जुटे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज गजेन्द्र गढ़ और कलबुर्गी में जनसभाओं को सम्बोधित किया, वहीं भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बी एस येदियुरप्पा ने बेलगावी में प्रचार किया। राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने भाजपा के चुनाव घोषणा पत्र में किए गए वादों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इसमें कुछ कार्यक्रम कांग्रेस घोषणा पत्र से लिए गए हैं। इस बीच बेंगलूरू शहर की जयनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार बी एन विजय कुमार की आज तड़के मृत्यु के बाद वहां चुनाव रद्द कर दिया गया है।