इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्राद्यौगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि इस वर्ष के अंत तक सामान्य सेवा केन्द्र का नेटवर्क दो लाख पचास हजार ग्राम पंचायतों तक पहुंच जायेगा। श्री प्रसाद ने आज उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्ध नगर के दनौरी कलां गांव का दौरा किया। यह देश का छठां डिजिटल गांव है।
इस मौके पर श्री प्रसाद ने कहा कि सामान्य सेवा केन्द्र परिवर्तन के प्रतीक हैं। इससे बैंकिंग, पेंशन, डिजिटल साक्षरता और टेलीमेडिसन जैसी सेवाएं ग्रामीण तथा दूर-दराज के क्षेत्रों में इलेक्ट्रॉनिक्स के बुनियादी ढांचे के जरिये पहुंचाई जा रही है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि फिलहाल ये केन्द्र एक लाख 80 हजार गांवों में काम कर रहे हैं।
डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के तहत इस साल के अंत तक लगभग सात सौ डिजिटल गांव स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। डिजी गांव या डिजिटल गांव में लोगों को केंद्र या राज्य सरकार और निजी संस्थानों के सभी ई-सेवाएं उनके गांव में ही उपलब्ध होंगी। डिजिटल गांव में सामुदायिक केंद्र सौर ऊर्जा से चलेंगे। साथ ही यहां एलईडी लाइट, साइनेटरी नैपकिन मशीन और वाई-फाई चौपाल उपलब्ध होंगे। सरकार ने प्रधानमंत्री ग्रामीण डिजिटल साक्षरता अभियान के तहत अगले साल मार्च तक 6 करोड़ ग्रामीणों को डिजिटल साक्षर बनाने का लक्ष्य रखा है।