प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रूस की एक दिन की यात्रा पर कल सुबह रवाना होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वास व्यक्त किया है कि रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन के साथ उनकी बातचीत दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाएगी।
रूस की अपनी यात्रा के पूर्व श्री मोदी ने आज ट्वीट संदेश में कहा कि वे श्री पुतिन से मिलने के उत्सुक हैं। श्री मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के साथ कल सोची शहर में वार्ता करेंगे। यह वार्ता दोनों देशों के बीच नियमित परामर्श का हिस्सा है। श्री मोदी तथा श्री पुतिन की यह वार्ता प्रोटोकॉल और निर्धारित एजेंडे से हट कर होगी। इसका उद्देश्य दोनों देशों के संबंधों को सुदृढ करना है।
प्रधानमंत्री और रूसी राष्ट्रपति इस बार अनौपचारिक माहौल में मिलेंगे जहां वे द्विपक्षीय संबंधों के कई क्षेत्रीय कार्यों पर चर्चा करेंगे। काला सागर तट पर स्थित रूस की ग्रीष्मकालीन राजधानी कहे जाने वाले सोची शहर में दोनों नेता आपसी हितों के अनेकों बहुपक्षीय और द्विपक्षीय मुद्दों की समीक्षा करेंगे। भारत-रूस की विशेष और विशेषाधिकृत सामयिक साझेदारी को और अधिक मजबूत बनाने तथा एक व्यापक और दीर्घकालिक परिप्रेक्ष्य में अंतराष्ट्रीय मामलों पर विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए दोनों नेताओं के बीच बातचीत का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा।