प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि देश की जनता ने 20 राज्यों में भारतीय जनता पार्टी को सत्ता में लाकर केन्द्र की एनडीए सरकार के पिछले चार वर्षों के कामकाज पर भरोसा व्यक्त किया है। कल शाम ओडिशा में कटक में एक जनसभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार सही दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन ने सरकार के कामकाज पर स्वीकृति की मुहर लगा दी है।
भाईयों और बहनों आपका यह स्नेह, आपका यह आर्शीवाद, आपकी आशाएं, आप की आकांक्षाएं, यही मेरी ऊर्जा है। यही मुझे दौड़ने की ताकत देती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की प्रतिबद्धता ने भ्रष्ट लोगों में भय व्याप्त किया है और वे एक छत के नीचे एकत्र हो गए हैं। श्री मोदी ने कहा कि विभिन्न एजेंसियों ने तीन हजार से अधिक छापे मारे 73 हजार करोड़ रुपये की अघोषित आय का पता लगाया गया।
आज देश निराशा से आशा की ओर ठहराव से निरंतरता की ओर अव्यवस्था से व्यवस्था की ओर कुशासन से सुशासन की ओर काले धन से जनधन की ओर तेज गति से बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोग यह महसूस कर रहे हैं कि सरकार सबका साथ-सबका विकास के लक्ष्य के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बड़े फैसले लेने से नहीं चूकती। न हम कड़े फैसले लेने से डरते हैं और न ही हम बड़े फैसले लेने से चूकते हैं, जब देश में कंफ्यूजन नहीं कमीटमेंट वाली सरकार चलती है। तब ही सर्जिकल स्ट्राइक जैसे फैसले लेने की ताकत रखते है। प्रधानमंत्री ने ओडिशा में बीजू जनता दल सरकार की आलोचना की और कहा कि वह महानदी सहित विभिन्न नदियों के पानी का इस्तेमाल सिंचाई के लिए नहीं कर रही है। प्रधानमंत्री ने एनडीए सरकार में अडिग विश्वास व्यक्त करने के लिए नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।