हरदोई डीएम के आदेश से किसान हुए मायूस

हरदोई डीएम के आदेश करते ही किसानों को मायूसी हाथ लगी है । आपको बताते चलें हाल ही में हरदोई डीएम ने कटीले तारों पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया है जिससे किसानों को खुशी भी है तो दूसरी ओर गम भी । खुशी इसलिए है कि कोई भी जानवर अब कटीले तारों की चपेट में नहीं आएगा और गम इसलिए है कि आवारा घूम रहे जानवरों से फ़सल की रक्षा कौन करेगा ?

गायों व नील गायों के आतंक के चलते खेतों में किसानों द्वारा लगाई गई लागत के बावजूद भी अच्छी पैदावार नहीं हो पाती है । आवारा घूम रहे जानवर किसानों की फसल को पूरी तरह से बर्बाद कर देते हैं । जिससे किसान बहुत परेशान हो जाता है । किसानों का एक मात्र सहारा था कटीले तार जिसके चलते आवारा पशु खेतों में नहीं आते थे । इससे किसान को अपनी लागत अनुसार बढ़िया फसल मिल जाया करती थी । लेकिन जिलाधिकारी पुलकित खरे के आदेश से किसानों को मायूसी हाथ लगी है । किसानों का कहना है कि अगर जिलाधिकारी साहब ने कटीले तारों पर प्रतिबंध लगाया है तो आवारा घूम रहे पशुओं पर कोई ठोस कदम उठाना चाहिए जिसके चलते खेतों में बर्बाद हो रही फसलों को बचाया जा सके । किसानों का यह भी कहना है कि तमाम गौशालाएं खुलवाई गयी हैं लेकिन उसमें सिर्फ खानापूर्ति ही की जाती है । जिसके चलते गायें आवारा घूम रही हैं ।