सीएचसी पर साफ-सफाई व्यवस्था बदहाल, जिलाधिकारी के निर्देश का नहीं दिख रहा असर

दीपक कुमार श्रीवास्तव


कछौना (हरदोई) – सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना में साफ सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है l जिलाधिकारी के निर्देश का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना के अधिकारियों पर कोई असर नहीं हो रहा है l

विदित हो कि जिलाधिकारी पुलकित खरे द्वारा एक सप्ताह पूर्व जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रत्येक शनिवार विशेष सफाई दिवस मनाने का आदेश दिया गया था l सफाई दिवस के दौरान जिले के आला अधिकारियों को ब्लॉक व सीएचसी मुख्यालयों पर जाकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए थे l जिलाधिकारी के निर्देश पर पिछले शनिवार डिप्टी कलेक्टर रामप्रकाश ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना का औचक निरीक्षण किया था l निरीक्षण के दौरान सीएचसी अधीक्षक सहित कई डॉक्टर व कर्मचारी अनुपस्थित मिले थे l सीएचसी परिसर में जलभराव और गंदगी का अंबार लगा देख डिप्टी कलेक्टर रामप्रकाश ने संबंधित अधिकारियों कर्मचारियों को सीएचसी में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे l

परंतु एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना में गंदगी का अंबार जस का तस लगा हुआ है l सीएचसी में पड़े बेडों पर बिछी चादरों की हालत बद से बदतर है और महिला शौचालय में ताला लटका होने के कारण महिलाओं को पुरुष शौचालय का इस्तेमाल करना पड़ रहा है l जिसके कारण महिलाओं में असुरक्षा की आशंका बनी रहती है l जिम्मेदार अधिकारी,कर्मचारी जिलाधिकारी और डिप्टी कलेक्टर के आदेशों की अवहेलना करते हुए कान में तेल डालकर बैठे हैं l शनिवार को सीएचसी पर दवा लेने आए एक मरीज ने सीएचसी में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल और अन्य अव्यवस्थाओं को देख इसकी शिकायत वाट्सएप पर जिला अधिकारी से की है l जिस पर जिलाधिकारी ने प्रतिउत्तर में शीघ्र ही कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है l